Budaun News: प्रसव के बाद नवजात की मौत, एएनएम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 17 Jun 2023 12:57 AM IST
म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव विशारत नगर निवासी यकेंद्र यादव की पत्नी सोमवती को बुधवार की रात लगभग दो बजे प्रसव पीड़ा हुई थी। प्रसव पीड़ा होने पर सोमवती के परिजन उसको लेकर म्याऊं सीएचसी पर पहुंचे। आरोप है कि वहां पर तैनात एएनएम ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पांच हजार रुपये की मांग की। यकेंद्र ने अपने पास 15 सौ रुपये ही होने की बात कही तो एएनएम आक्रोशित हो गई। इसके बाद एएनएम ने इंजेक्शन लगाया। बाद में प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई। यकेंद्र की पत्नी ने एएनएम पर कार्रवाई की मांग करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की है। प्रसूता की ओर से कार्रवाई की मांग करते हुए वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें वह एएनएम पर रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए इलाज में लापरवाही की बात भी कह रही है। हालांकि इस संबंध में एएनएम ने अपनी सफाई पेश करते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। संवाद