बरेली

Bareilly News: एक और बच्ची पर कुत्तों का हमला, 20 मीटर तक खींच ले गए

Connect News 24

सीबीगंज। जानलेवा हुए आवारा कुत्तों ने शुक्रवार सुबह एक और बच्ची पर हमला बोल दिया। कुत्ते बच्ची को बीस मीटर तक घसीटते हुए खेत की तरफ ले गए। उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक सप्ताह में कुत्तों के हमलों की यह तीसरी घटना है।

गांव बंडिया निवासी फरजंद अली की नौ वर्षीय बेटी चांद बी शुक्रवार सुबह घर से दुकान पर चीनी खरीदने गई थी। इसी दौरान जंगल की तरफ से आए कुत्तों ने बच्ची पर हमला बोल दिया। झुंड में आए कुत्ते अपनी अपनी तरफ खींचते हुए उसे खेत की तरफ ले गए। उसकी चीखें सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो कुत्तों ने उन्हें भी दौड़ा लिया। बड़ी संख्या में लोग एकजुट हुए तब जाकर कुत्तों को भगा सके। बच्ची बेहोशी की हालत में खेत में पड़ी थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।

इससे पूर्व इन कुत्तों ने वहीं के रहने वाले बच्चों शाहनवाज व अंश को बुरी तरह से नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। सभी का इस समय अस्पताल में उपचार चल रहा है। इन घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही कुत्ते नहीं पकड़े गए तो वह नगर निगम के विरुद्ध जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे।

बता दें कि दो साल में यह कुत्ते चार बच्चों की जान ले चुके हैं, जबकि 18 से अधिक बच्चों को काटकर जख्मी कर चुके हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button