Budaun News: अब भंद्रा गांव में बुखार से चार की मौत

भंद्रा गांव का निरीक्षण करतीं डीपीआरओ। संवाद
बदायूं/म्याऊं। बुखार के कारण अब अब उसावां ब्लॉक के भंद्रा गांव में चार लोगों ने दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य विभाग यहां कीटनाशक दवा का छिड़काव तो दूर, मरीजों तक टीम भेजकर उनका उपचार तक नहीं करा पा रहा है। इस गांव में सैकड़ों लोग बुखार से पीड़ित है।
भंद्रा गांव में कई दिनों से लोग बुखार की चपेट में हैं। हर घर में किसी न किसी मरीज की चारपाई बिछी है। कई लोग सरकारी अस्पताल से दवाएं लाए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। कुछ लोग प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को गांव निवासी अनवरी (80) पत्नी हब्बू, जैतून (37) पत्नी अकबर, मुन्ने (60) पुत्र अमुनिद्दि और रिहाना (36) पुत्री कमालुद्दीन की बुखार की वजह से मौत हो गई।
शनिवार को भी यहां रिहाना पत्नी मुन्ने की बुखार से मौत हो गई थी। गांव मेें एक की हालत गंभीर बनी हुई और लगभग सभी घरों मेें एक या दो लोग बुखार से पीड़ित है। जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांव में टीम को भेजकर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की है।
भंद्रा गांव में कुछ लोगाें की मौत होने की जानकारी मिली है। इस पर टीम को गांव भेजा है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद भी स्पष्ट बता सकेंगे। -डॉ. निरंजन सिंह, डिप्टी सीएमओ
फाेटो-10
डीपीआरओ को गांव में मिली गंदगी, पंचायत सहायक का दस दिन का वेतन काटा
बदायूं/म्याऊं। भंद्रा में एक दिन में चार मौत होने की सूचना पर पहुंचीं डीपीआरओ श्रेया मिश्रा ने गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि गांव में गंदगी फैली हुई है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सचिवालय में उपस्थिति रजिस्ट्रर चेक किया। पता चला कि पंचायत सहायक 10 दिन से गैरहाजिर है। इस पर उसका 10 दिन का मानदेय काट दिया।
डीपीआरओ को गांव की कई गलियों में गंदगी मिली। प्राथमिक और जूनियर विद्यालय के सामने गंदगी व जलभराव को देखकर डीपीआरओ भड़क गई। उन्होंने सचिव को निर्देश दिए कि जेसीबी मशीन से सफाई कराई जाए। उन्होंने पंचायत घर पहुंचकर सचिव व पंचायत सहायक के कक्षाें को खुलवाया और उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। गंदगी मिलने पर चार दिन पहले ही डीपीआरओ सफाई कर्मचारी को निलंबित कर चुकी है। संवाद