Budaun News: शाम से बिजली गुल, आधी रात को बिजलीघर पर हंगामा

बिसौली कस्बे में लाइन टूटने के बाद खंभे में लपेटे गए तार।
– पिछले चार दिन से ध्वस्त चल रही है बिजली व्यवस्था, अभी भी ग्रामीण क्षेत्र से मिल रही है आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली (बदायूं)। कस्बे में रविवार शाम छह बजे से गुल बिजली आधी रात तक नहीं आई तो गरमी से परेशान ग्रामीण बिजलीघर पहुंच गए। पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उनकी कर्मचारियों से नोकझोंक भी हुई। अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार के समझाने पर उनका गुस्सा शांत हुआ और वे घर लौट गए। बाद में डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
बृहस्पतिवार रात से बिसौली कस्बे की बिजली व्यवस्था ध्वस्त चल रही है। बृहस्पतिवार रात कस्बे की डीपी यादव रोड गौसियाई मस्जिद नई बस्ती कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई थी, जिसकी चपेट में आने से इशरत बी उर्फ खिल्लो, उनके बेटे अरुण खां उर्फ अल्लू और बेटी निक्की की मौत हो गई थी जबकि परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। गुस्साए लोगों ने कॉलोनी से होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन काट दी थी। उसके बाद कई मोहल्लों की आपूर्ति ठप हो गई थी।
बाद में विभाग ने कस्बे की सप्लाई ग्रामीण क्षेत्र की लाइन से जोड़ गिया। इसके बाद क्षेत्र को पहले से भी कम बिजली सप्लाई मिलने लगी। कस्बे में केवल तीन-चार घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। रविवार शाम छह बजे से बाधित हुई सप्लाई रात तो 11 बजे तक नहीं आई। गर्मी से परेशान लोग जागकर या बाहर सड़कों पर टहलकर समय काटते रहे। आधी रात तक लोगों को गुस्सा बढ़ गया तो वे विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने उपकेंद्र के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कर्मचारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई।सूचना पर अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने मोबाइल के माध्यम से लोगों को जल्द ही बिजली व्यवस्था सुधार लाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग अपने-अपने घर लाैट गए।
फोटो
तहसील कॉलोनी के लोग बोले, लाइन हटवाएं
बिसौली। सोमवार को कस्बे की तहसील कॉलोनी के लोगों ने 33 हजार की लाइन हटवाने की मांग की। कॉलोनी के तमाम लोग भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष सविता शर्मा के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के ऊपर से हाईटेंशन लाइन से ज्यादा पावर की 33 हजार की लाइन जा रही है। इससे कॉलोनी के कई लोग झुलस चुके हैं। अगर यह लाइन टूट गई तो बड़ा हादसा होगा। लोगों ने लाइन हटवाने की मांग के साथ-साथ बिजली व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की।
भड़के वकील, जेई को हटवाने की मांग
बिसौली। बिसौली कस्बे में चरमराई बिजली व्यवस्था के खिलाफ वकीलों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। वकीलों का कहना है कि नगर में बिजली व्यवस्था बेहद खराब है। यहां के जेई और अन्य कर्मचारियों को जब कॉल की जाती है तो वह कॉल रिसीव नहीं करते। अपना मोबाइल ही बंद कर लेते हैं। जब बिजली ठीक होती है तो ट्रिपिंग खूब होती है। लो वोल्टेज भी खूब परेशान कर रही है। उन्होंने उपकेंद्र से जेई को हटवाने की मांग की है। इस दौरान मनोज शर्मा, राहुल सिंह, विचित्र पाल, विवेक अनूप शर्मा मौजूद रहे।
फोटो
तार टूटे तो खंभे में लपेट गए कर्मचारी
– बिसौली कस्बे में वास्तव में पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारियों की लापरवाही काफी ज्यादा है। कस्बे में एक खंभे से बिजली का तार टूट गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर कर्मचारी पहुंच गए लेकिन उन्होंने तार नहीं जोड़ा। वह तार को खंभे से लपेटकर चले गए जबकि स्थानीय लोग लाइन जोड़ने की मांग करते रहे। इसके बावजूद कर्मचारी लोगों की बात को नजरअंदाज करके चले गए। खंभे से तार लपेटने से कभी कभी हादसा हो सकता है।

बिसौली कस्बे में लाइन टूटने के बाद खंभे में लपेटे गए तार।