Budaun News: गर्मी ने ढा रही सितम… बिजली भी रुला रही
– शहर व कस्बों से ज्यादा ग्रामीण इलाकों का बुरा हाल, लगातार कटौती जारी
-कहीं लो वोल्टेज तो कहीं ट्रिपिंग की समस्या, सात-आठ घंटे मिल रही बिजली आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में एक बार फिर बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। शहर से लेकर देहात तक हर कोई व्यक्ति परेशान है। एक तो गर्मी सितम ढा रही है, वहीं बिजली आपूर्ति भी रुला रही है। जहां शहर और कस्बों की बात करें तो पांच-छह घंटों की बिजली कटौती हो रही है।
शहर में आवास विकास, शिवपुरम, जवाहरपुरी, कल्यान नगर, लोची नगला, जोगीपुरा और कई मोहल्लों की हालत खराब है। रात कई घंटे कटौती रही। आवास विकास और नेकपुर इलाके में लोगों ने छत पर टहलकर रात गुजारी। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों में हो रही है। इन इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या तो है ही, साथ ही आपूर्ति भी केवल सात-आठ घंटे मिल रही है। इससे न तो किसानों के ट्यूबवेल चल रहे हैं और न ही उनकी फसलों की सिंचाई हो पा रही है। और तो और कई ग्रामीण इलाकों में इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरण शोपीस बनने के कगार पर पहुंच गए हैं। इस लो वोल्टेज की वजह से लोगों के घरों में लगे पंखे, कूलर तक नहीं चल रहे हैं। इस समस्या के चलते ग्रामीण इलाके के लोग काफी परेशान हैं।
कादरचौक में 10-12 घंटे आपूर्ति
कादरचौक। कादरचौक कस्बे में केवल 10-12 घंटे बिजली मिल रही है। वहीं ग्रामीण इलाके में सात आठ घंटे ही बिजली आ रही है। कादरचौक इलाके में तीन विद्युत उपकेंद्र हैं। उनमें कादरचौक, असरासी और भूड़ा भदरौल तीनों ही ओवरलोड़ चल रहे हैं। यहां सबसे बड़ी समस्या 33 हजार की लाइन की है जो आए दिन खराब हो जाती है। संवाद
उसावां में सिर्फ चार घंटे सप्लाई
उसावां। उसावां कस्बे की बात करें तो यहां 18 से 20 घंटे मिल रही है। ग्रामीण इलाके का बहुत बुरा हाल है। क्षेत्र के तमाम गांव में केवल पांच-छह घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे ग्रामीण इलाके के बहुत बुरे हालात हैं। संवाद
उसहैत में फुंक गया ट्रांसफॉर
उसहैत। उसहैत कस्बे में रविवार को ट्रांसफॉर्मर फुंक गया। हालांकि लोगों की शिकायत पर सोमवार को यहां लाकर ट्रांसफर लगा दिया गया। लोगों का कहना है कि कस्बे के तार इतने जर्जर हैं कि रोजाना टूट जाते हैं। संवाद
दातागंज में लो वोल्टेज की दिक्कत
दातागंज। दातागंज कस्बे में 16 से 18 घंटे बिजली मिल रही है लेकिन यहां लो वोल्टेज की भी समस्या बनी हुई है। किसानों के ट्यूबवेल तक नहीं चल रहे हैं। उनकी धान की फसलों में ठीक से सिंचाई तक नहीं हो पा रही है। संवाद
वजीरगंज में आठ-नौ घंटे की कटौती
वजीरगंज। बिसौली तहसील क्षेत्र के कस्बा वजीरगंज और सैदपुर में आठ नौ घंटे की बिजली कटौती हो रही है जबकि यहां का 18 से 20 घंटे बिजली मिलने का शेड्यूल है। इसके बावजूद कटौती पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संवाद
सहसवान के ग्रामीण इलाके पर ज्यादा प्रभाव
सहसवान। सहसवान तहसील क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। हालांकि कस्बे में बिजली कुछ ठीक मिल रही है लेकिन देहात क्षेत्र का शेड्यूल बिगड़ गया है। वहां लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण ज्यादा परेशान हैं। संवाद
बिल्सी में हटाई जा रहीं जर्जर लाइनें
बिल्सी। इस समय बिल्सी कस्बे में जर्जर लाइन हटाने का काम चल रहा है। इस दौरान दिन में बिजली ठप कर दी जाती है। कभी-कभी रात में ही बिजली कटौती हो रही है। इससे यहां की व्यवस्था बिगड़ गई है। संवाद