Budaun News: बारिश से बिजली व्यवस्था धड़ाम
कई जगह फॉल्ट के कारण आई दिक्कत, लोगों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बारिश के बाद शहर समेत जिले के कई स्थानों पर बिजली की व्यवस्था भी धड़ाम हो गई। कई जगह फाॅल्ट होने से आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर में भी कई इलाकों में भी ट्रिपिंग जारी रही।
बारिश के बाद शहर की बिजली व्यवस्था हमेशा ठप हो जाती है। अंडरग्राउंड लाइनों मे फाॅल्ट होने के डर से विभाग पहले ही आपूर्ति बंद देता है, जिससे लोगों को कई-कई घंटे बिना बिजली के गुजारने पड़ते हैं।
मंगलवार को हुई बारिश के बाद भी मोहल्ला कल्याननगर, लोचीनगला, शहबाजपुर, पटियाली सराय, कबूलपुरा, चौधरी सराय, विजय नगर कॉलोनी आदि जगहों पर कई घंटों की कटौती की गई। बिजली आने के बाद भी ट्रिपिंग का सिलसिला रात भर चलता रहा। बुधवार को भी यही स्थिति रही।
दबतोरी/ओरछी। क्षेत्र के करेंगी फीडर की लाइन जर्जर होने के कारण बूंदाबांदी शुरू होते ही फाॅल्ट हो गया और सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। क्षेत्र में आसफपुर बिजली उपकेंद्र से करेंगी फीडर पर बिजली आपूर्ति होती है, जो लगभग 20 किमी लंबी लाइन है। इसमें अक्सर फाॅल्ट होते रहते हैं, जिससे लोग परेशान हैं।
बिजली कटौती से फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हुई। ओरछी क्षेत्र के गांव परमानंदपुर, खेड़ादास, सिसरिका में बारिश के कारण बिजली व्यवस्था ठप हो गई। संवाद
–
ट्रांसफार्मर का तार छूने से पानी में उतरा करंट
वजीरगंज। बुुधवार शाम बारिश की वजह से मोहल्ला मुन्तानगर के ट्रांसफॉर्मर का तार जमीन के संपर्क में आ गया, जिससे पानी में करंट उतर आया। एक बछिया करंट के चपेट में आ गई। सूचना पर तुरंत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे बछिया की जान बच गई। बाद में विभाग ने लाइन सही कराई गई। एक घंटा बाद सप्लाई चालू हुई। संवाद
बिल्सी : दावे 21 घंटे आपूर्ति के, मिल रही 10-12 घंटे
बिल्सी। नगर में इन दिनों लोगों को 10-12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जबकि प्रदेश सरकार तहसील मुख्यालय के लिए 21 घंटे बिजली देने का दावा कर रही हैं। नगर के खैरी बस स्टैंड, नफीस खां, साहबगंज में लगे ट्रांसफार्मर से मोहल्लों में जा रही लाइनें काफी जर्जर हो चुकी हैं, जिस कारण बिजली आपूर्ति रोजाना कई-कई घंटे तक बाधित रहती है। यहां के लोगों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया। मगर किसी ने उनकी इस समस्या पर कोई गौर नहीं किया है। जिससे उनमें रोष है। इधर जेई दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि नगर की जर्जर लाइनों को बदलने को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। इसकी स्वीकृति मिलते ही नगर की जर्जर लाइनों को बदल दिया जाएगा।
इस्लामनगर। क्षेत्र के गांव नदेरी व भगवंतनगर में पिछले दो माह से ट्रांसफ़ॉर्मर ख़राब है जिससे लोगों का भीषण गर्मी में बुरा हाल है। कस्बे में जर्जर तार भी बार-बार टूटकर गिर जाते है जिससे क़स्बे की सप्लाई बाधित हो रही है। जिससे लोगों में रोष है।
बिसौली : अधिवक्ता 28 जून तक नहीं करेंगे काम
बिसौली। भयंकर गर्मी और बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। अधिवक्ता भवन में भीषण गर्मी में अधिवक्ताओं को कार्य करने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप शर्मा की अध्यक्षता में बार भवन में बैठक हुई, जिसमें गर्मी और गुजरात में आए चक्रवाती तूफान से आए संकट के कारण न्यायालय में कार्य नहीं करने का निर्णय लिया गया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि वे 28 जून तक तहसील परिसर और न्यायालय में कार्य नहीं करेंगे। इस संबंध में एसडीएम बिसौली विजय कुमार मिश्र व तहसीलदार अशोक कुमार को पत्र भी भेजा। बैठक मे केपी सिंह, रंजीत यादव, योगेश कुमार यादव, प्रेमपाल सिंह, नरेन्द्र सिंह, राजीव राठौर, राजीव दुवे, आशा शर्मा, रामवीर सिंह, प्रेमशंकर यादव आदि मौजूद रहे। संवाद