Shahjahanpur News: गल्ला मंडी की सड़क बनी दलदल
शाहजहांपुर। बहादुरगंज गल्ला मंडी मार्केट में सीवर पाइप लाइन डालने के लिए 15 दिन पहले खोदी सड़क बारिश के बाद दलदल में बदल गई। व्यापार ठप होने से आक्रोशित उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया।
व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने बताया कि शहर की सबसे पुरानी बाजार बहादुरगंज गल्ला मंडी में थोक व फुटकर का बड़ा व्यापार होता है। लगभग 15 दिन पूर्व जल निगम ने सीवर पाइप लाइन डाले थे, लेकिन खोदे हुए गड्ढों को सही से भरा नहीं गया। बाजार की मेन रोड पर बजरी से पैचिंग वर्क कराना चाहिए था। बारिश से बाजार में दलदल होने के कारण रोज हादसे हो रहे हैं। रोजमर्रा कमाई वाले लेबर व छोटे दुकानदारों को परिवार की रोजी-रोटी की समस्या आ गई है।
बहादुरगंज गल्ला मंडी चौराहे पर जल निगम ने बड़ा गड्ढा खोदकर चैंबर बनाया जा रहा है, जो कि 15 दिन से ऐसे ही पड़ा हुआ है। दो दिन में बाजार का मार्ग सही नहीं कराया गया तो व्यापार मंडल धरना प्रदर्शन करेगा। इस मौके पर गल्ला मंडी अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता, महामंत्री पंकज गुप्ता, महानगर महामंत्री अमित शर्मा, सुरेंद्र सिंह सेठ, अजीत मिश्रा, गोपी, अनूप कुमार गुप्ता, राजू, अमित, छोटू, विनीत अवस्थी, लकी खान, महेंद्र कुमार दुबे आदि शामिल रहे।
गल्ला मंडी में सड़क पर गहरे गड्ढे में घुसा ट्रक का पहिया
शाहजहांपुर। बुधवार की सुबह गल्ला मंडी में खाद्यान्न लेकर आ रहे एक ट्रक का पहिया गड्ढे में घुस गया, जिसको निकालने के लिए चालक ने भरसक प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद मजदूरों ने ट्रक में लदे खाद्यान्न की बोरियों को उतारा। फिर जेसीबी से ट्रक को उठाकर गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। बीच रास्ते में ट्रक फंसा होने से दोपहर तक लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हुई।
यहां बता दें कि अंटा चौराहा से अंजान चौकी वाली रोड पर इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसी तरह से लाल इमली चौराहे पर पिकअप फंस गई थी। यहां तक वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना की कार भी सड़क के गड्ढे में फंस चुकी है। संवाद