Budaun News: बारिश ने बिगाड़ी बाईपास की सूरत

शहर के वाईपास पर बरसात से टूटी सड़क। संवाद
जगह-जगह हो गड्ढे, सड़क भी कई स्थानों पर धंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। कई दिनों से लगातार हो रही बारिश से बाईपास को काफी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं तो कई जगह सड़क धंस गई है। यही नहीं सोत नदी के पुल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में बाईपास से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा बढ़ गया है।
शहर के बाईपास का निर्माण सपा शासनकाल में हुआ था। इसको बने हुए छह साल से ज्यादा हो चुके हैं। हर साल बरसात के दौरान बाईपास को नुकसान पहुंचता है। पिछले सालों में भी बाईपास को काफी नुकसान पहुंचा। पीडब्ल्यूडी ने मरम्मत कराई। किनारों पर जेसीबी से मिट्टी भी डलवाई। अब बारिश ने मरम्मत की कलई खोल कर रख दी है।
कई दिनों से हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं तो कुछ स्थानों पर सड़क धंस भी गई है। सबसे ज्यादा नुकसान वहां हुआ है जहां पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज से लेकर बरेली-बदायूं तिराहे तक कई जगह सड़क टूट गई है या धंस गई है। यही नहीं बाईपास के किनारों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
–
सोत नदी के पुल पर सड़क धंसी
बारिश से बाईपास पर स्थित सोत नदी के पुल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पुल के दोनों ओर दो-दो फुट तक सड़क धंस गई है। दो-तीन जगह खेतों से सटी सड़क बह तक गई है या धंस गई है।
–
इसी बाईपास से गुजरेगा बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे
बरेली से मथुरा तक बनाया जा रहा नेशनल हाईवे इसी बाईपास से होकर गुजरेगा। फिलहाल मथुरा से कासगंज तक हाईवे के निर्माण की तैयारियां तेज हो हैं। यहां भी तैयारियां चल रहीं हैं। बाईपास किनारे भवनों पर लाल निशान लगा दिए गए हैं। बजट भी पास हो चुका है। कहां पुल बनेंगे और कहां अंडरपास, इसका भी एस्टीमेट बना लिया गया है।
–
बाईपास अब नेशनल हाईवे के अंतर्गत आ गया है। अब क्षतिग्रस्त बाईपास का निर्माण एनएचएआई कराएगी। ऑफिस आगरा में है। यहां भी खुल गया है।
– मनीष कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी

शहर के वाईपास पर बरसात से टूटी सड़क। संवाद

शहर के वाईपास पर बरसात से टूटी सड़क। संवाद


