Budaun News: नमकीन के रुपये मांगने के विवाद में दुकानदार की पिटाई
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 14 Aug 2023 01:07 AM IST
उझानी। कल्याण सिंह चौक के पास पिछले दिनों शराबियों से नमकीन के रुपये मांगने के विवाद में रविवार दोपहर किराना दुकानदार को पीट दिया। घायल दुकानदार के कपड़े तक फाड़ दिए।
श्रीनारायणगंज मोहल्ला के सरौरा इलाके के मोनू साहू की बाइपास पर कल्याण सिंह के पास किराना की दुकान है। तीन-चार दिन पहले पास में शराब की दुकान पर दो-तीन युवकों ने शराब खरीदी। इसके बाद धर्मेंद्र की दुकान से नमकीन के पाउच और सिगरेट ली, लेकिन शराबियों ने रुपये नहीं दिए। इसे लेकर कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने दोनों पक्ष में समझौता करा दिया।
आरोप है कि दोपहर में दुकान पर पहुंचे कार सवार तीन-चार युवकों ने दुकानदार धर्मेंद्र को बाहर खींच लिया। उसकी लात-घूंसे से पिटाई की गई। धर्मेंद्र के कपड़े भी फाड़ डाले गए। शोरगुल पर जुटे आसपास के लोगों को देख आरोपी मौके पर से भाग गए। घायल धर्मेंद्र ने बताया कि आरोपियों में एक को पहचान लिया गया है। दो हमलावर कांवड़ियों की ड्रेस पहने थे। पुलिस ने घायल दुकानदार का मेडिकल कराया है। संवाद