Budaun News: छात्र की अंगोछे से गला घोंटकर हत्या, बाजरे के खेत में मिला शव

ग्राम अहमदगंज में घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस। संवाद
बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव अहमदगंज में कक्षा आठ के छात्र 16 वर्षीय विकास यादव की अंगोछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार शाम बाजरे के खेत में उसका शव पड़ा मिला। किशोर सोमवार दोपहर से लापता था। परिवार वाले उसे लगातार तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम अहमदगंज निवासी सुरेश यादव का बेटा विकास चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार वालों के मुताबिक वह सोमवार दोपहर घर से घूमने जाने के लिए निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक परिवार वाले उसे तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला। परिवार वाले मंगलवार सुबह बिल्सी थाने पहुंचे और छात्र के अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई।
बताते हैं कि मंगलवार शाम परिवार वाले उसे तलाश करते हुए खेतों की ओर गए तो बाजरे की कुछ फसल टूटी देखी। इसके बाद वह खेत के अंदर घुसे वहां विकास का शव पड़ा था। उसके गले में अंगोछा का फंदा कसा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का मानना है कि उसकी अंगोछा से गला घोंटकर हत्या की गई है।
परिवार वाले किसी से कोई रंजिश होने की बात से इन्कार कर रहे हैं। दुश्मनी नहीं बताई है। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगी। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि किशोर का शव बाजरे के खेत में पड़ा मिला है। प्रथम दृष्टया उसकी गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आ रही है।

ग्राम अहमदगंज में घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस। संवाद


