Budaun News: बीएसए के खिलाफ गरजे शिक्षक, दिया धरना

मालवीय आवास पर जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा को निलंबन बहाली का पत्र देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट। संवाद
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष को निलंबित करने के विरोध में बुधवार को बीएसए के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिक्षकों ने मालवीय आवास पर धरना-प्रदर्शन किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने मंच पर पहुंचकर जिलाध्यक्ष का बहाली प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद में धरना खत्म कर दिया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि बीएसए जिले में कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही लगातार शिक्षकों का आर्थिक व मानसिक शोषण कर रही हैं। उन्होंने दो महीने में दो बार जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा को निलंबित किया है। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि बीएसए के निलंबन के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेज दिया गया। माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी सुरेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों पर द्वेष भावना से कार्रवाई होगी तो सभी संगठन एकजुट होकर संघर्ष करेंगे। महामंत्री संजय सिंह ने भी अपने विचार रखें।
इसी बीच सिटी मजिस्ट्रेट रामजीलाल और सीओ आलोक मिश्रा धरने में ज्ञापन लेने पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मंगलवार को संजीव शर्मा की बहाली हो चुकी है। 18 सितंबर को सीडीओ ने मामले की जांच कर शासन को रिपोर्ट भेज दी है। संजीव शर्मा को निलंबन बहाली का आदेश भी दिया। इसके बाद में धरना समाप्त हो गया। संचालन गोरखपुर मंडल मंत्री श्रीधर मिश्र, अनुज शर्मा ने किया। इसमें विधान परिषद सदस्यों के अलावा, माध्यमिक शिक्षक संघ, उप्र प्रधानाचार्य परिषद, उप्र मिनिस्ट्रियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ समेत विभिन्न संगठनों ने भी समर्थन दिया।
पुलिस की भी रही सख्त निगाह
धरने पर पुलिस की निगाह रही। किसी तरह से माहौल खराब न हो, इसलिए एसएसपी ने पुलिसकर्मियों के साथ साथ पीएसी भी ड्यूटी लगाई थी। मालवीय आवास के बाहर पुलिस बल के साथ फायरब्रिगेड की मौजूद रही।

मालवीय आवास पर जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा को निलंबन बहाली का पत्र देते हुए सिटी मजिस्ट्रेट। संवाद


