शाहजहांपुर में फिर मुठभेड़: पुलिस की कार्रवाई में तीन गोतस्करों के पैर में लगी गोली, सिपाही भी हुआ घायल

जमीन पर पड़ा घायल गोतस्कर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर जनपद में बदमाशों से पुलिस की फिर मुठभेड़ हुई है। तिलहर थाना क्षेत्र के गुरगिया बहादुरपुर गांव के पास जंगल में बुधवार रात गोकशी के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। एक सिपाही के हाथ में भी गोली लगी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिलहर में गोकशी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस की टीमें गिरोह की तलाश में थीं। बुधवार रात करीब 12:30 पर गुरगिया बहादुरपुर के जंगल में पुलिस टीम का आमना-सामना गोकशी करने वाले गिरोह से हो गया। दानिश उर्फ मुन्ना निवासी मोहल्ला इमली, इमरान निवासी उम्मरपुर, मुन्ना निवासी मंडी बाजार तिलहर, छोटे निवासी भूड़ा, थाना भोजीपुरा (बरेली) को पुलिस ने ललकारा तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- बर्बरता की कहानी: ‘मेरी आंखों के सामने वो चाकू मारता रहा… मैं कुछ कर न सका’; आलोक के भाई ने बयां किया दर्द
पुलिस ने भी फायरिंग शुरू की तो छोटे, मुन्ना, दानिश उर्फ छोटू पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सिपाही अवनीश बरार के बाजू में गोली लगी है। एसपी देहात संजीव वाजपेयी ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी गोकशी की घटना अंजाम दे चुके हैं। उनके पास से तीन तमंचे, छह खोखा, पांच कारतूस और पिकअप वाहन बरामद हुआ है। दो साथी आरिफ और वसीम फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।