Budaun News: पिकअप की टक्कर से टेंपो पलटा, सात श्रद्धालु घायल

उझानी में टेंपो पलटने से घायल चालक समेत यात्री। संवाद
बरेली-मथुरा हाईवे पर बुटला के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। गंगा स्नान के लिए निकले टेंपो सवार श्रद्धालुओं को पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही टेंपो सड़क किनारे खाई में गिरकर पलट गया। महिलाओं समेत सात श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत नाजुक है।
हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर गांव बुटला के पास शुक्रवार दिन में हुआ। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव शेखूपुर निवासी प्रेमचंद्र पाल (48) निजी टेंपो में बदायूं से श्रद्धालुओं को बैठाकर गंगा घाट की ओर निकले। बुटला के पास पीछे से पिकअप ने टक्कर मार दी। इसके बाद टेंपो खाई में पलटते ही चालक पिकअप को कछला की ओर भगा ले गया।
श्रद्धालुओं ने बचाव को चीख-पुकार मचाई तो बाइक सवार राहगीरों ने मदद कर उन्हें टेंपो से बाहर निकाला। इसके बाद फोन करके एंबुलेंस बुला ली गई।
घायलों में टेंपो चालक के अलावा कोतवाली क्षेत्र के गांव लहुआ छुट्टन (61), पप्पू (55), दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव घिलौर निवासी विमला (40) पत्नी कल्लू, सुषमा (38) पत्नी दाताराम, उमलेश (41) पत्नी मुकेश और कछला के वार्ड नंबर आठ निवासी राहुल (17) पुत्र अशोक का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया।
चिकित्साधीक्षक राजकुमार गंगवार ने बताया कि राहुल के हाथ में फ्रेक्चर है। उसके अंदरूनी चोट भी आई हैं। उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इधर, हादसे में घायल टेंपो चालक प्रेमचंद्र की ओर से अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है।