Budaun News: दिनभर का जोश भारत की हार से हुआ काफूर, छलके आंसू

स्क्रीन पर विश्वकप का फाइनल मैच देखते लोग। संवाद
बदायूं। क्रिकेट विश्वकप में अब तक एक भी मैच न हारने वाली भारतीय टीम का ऐसा हश्र होगा, इसकी क्रिकेट प्रेमियों ने कल्पना तक नहीं थी। खेल प्रेमियों ने फाइनल के लिए आतिशबाजी के साथ जश्न मनाने के व्यापक इंतजाम कर रखे थे। हालांकि लोग किसी करिश्मे के इंतजार में आखिर तक टीवी से चिपके बैठे रहे, लेकिन आस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
विश्वकप का फाइनल देखने के लिए लोगों ने अपने जरूरी काम दिन में ही निपटा लिए। भारतीय टीम ने विश्वकप में सेमीफाइनल तक जिस तरह अपना दबदबा कायम रखा था, उससे क्रिकेट प्रेमियों को पूरी उम्मीद थी कि देश एक बार फिर विश्वविजेता बन जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बल्लेबाजों के साथ ही भारतीय बॉलरों ने भी निराश किया। आस्ट्रेलिया की टीम मैच में हावी हुई तभी तमाम लोगों ने अपने टीवी बंद कर दिया, लेकिन अधिकांश लोग मैच के अंत तक टीवी और मोबाइल फोन की स्क्रीन पर नजरें जमाए रहे। भारतीय टीम मैच हारी तो केल प्रेमियों के आंसू भी छलक पड़े। हर चेहरे पर मायूसी छा गई।
घरों में रखे रह गए पटाखे
– क्रिकेट के महाकुंभ में फाइनल मैच भारत और आस्ट्रेलिया के बीच हुआ। लोगों को उम्मीद थी कि भारत जीत जाएगा। ऐसे में लोगों ने जश्न के लिए पटाखों का इंतजाम किया था, लेकिन भारत की हार के साथ ही सभी पटाखे घरों में रखे रह गए। भारत का पहला विकेट गिरने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने पारी को संभाला। उनके आउट होने के बाद विराट कोहली से भारतीयों को उम्मीद थी लेकिन वह भी धराशाई हो गई। सिटी मॉल में सुबह से ही बड़ी स्क्रीन पर मैच देखने वालों की भीड़ लगी रही, लेकिन जैसे जैसे आस्ट्रेलिया के रन बनते गए वहां से क्रिकेट प्रेमी उदास चेहरों के साथ जाते दिखाई देने लगे।
करोड़ों रुपये का लगा था सट्टा
-विश्वकप में भारत और आस्ट्रेलिया की भिड़ंत पर करोड़़ों रुपये का सट्टा लगा था। टॉस से लेकर खिलाडियों के प्रदर्शन, छक्का, चक्का पर सट्टा लगा रहा। लोगों ने हार-जीत के लिए अपने अपने दांव लगा रखे थे। ऐसे में भारत की जीत पर सट्टा लगाने वाले रात को बेचैन देखे गए।
किक्रेटर बोले- जो अच्छा खेलता है वही जीतता है
– हर हार को हम एक खेल भावना से लें। आस्ट्रेलिया ने रविवार के मैच में बेहतर प्रदर्शन किया, जिसकी वजह से वह विश्व विजेता बनी है। जो अच्छा खेलता है वहीं जीतता है। भारतीय टीम उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाई। – एमपी सिंह, पूर्व क्रिकेटर
– भारतीय टीम उम्मीद के मुताबिक बड़ा स्कोर नहीं कर सकी, जिसकी वजह से गेंदबाजों को ज्यादा संघर्ष करना पड़ा। वह समय पर विकेट नहीं ले सके, जिसकी वजह से यह मैच हमारे हाथ से निकल गया। – जहीर फराह खान, क्रिकेट खिलाड़ी

स्क्रीन पर विश्वकप का फाइनल मैच देखते लोग। संवाद

स्क्रीन पर विश्वकप का फाइनल मैच देखते लोग। संवाद

स्क्रीन पर विश्वकप का फाइनल मैच देखते लोग। संवाद

