Budaun News: जिन तालाबों से मिट्टी उठाई गई, अब उन्हीं का होगा सुंदरीकरण
बदायूं/दातागंज। मेरठ से प्रयागराज तक बनाए जा रहे गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जिन तालाबों से मिट्टी उठाई गई है या उठाई जानी है, अब उन्हीं तालाबों की हालत गंगा एक्सप्रेस-वे बना रही निर्माणदायी संस्था सुधारेगी। उन तालाबों को पहले समतल कराया जाएगा, फिर उनकी बाउंड्री बनवाई जाएगी। उनके आसपास पौधरोपण भी कराया जाएगा।
गंगा एक्सप्रेस-वे जिले की चार तहसीलों से होकर निकल रहा है। बिल्सी, बिसौली, सदर और दातागंज इलाके में इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण के दौरान सभी तहसील क्षेत्रों में खाली पड़ी जमीनों और तालाबों से मिट्टी उठाई गई। अगर केवल दातागंज इलाके की बात करें तो इस क्षेत्र में 28 ऐसे तालाब सूची में शामिल हैं, जिनसे या तो मिट्टी उठा ली गई या फिर उठाई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, जिन तालाबों से मिट्टी उठाई जा रही है। वहां मिट्टी खोदाई की अनुमति देने के लिए अधिकारियों की एक कमेटी भी गठित है। पिछले कुछ दिनों में दातागंज इलाके से ज्यादा गहराई तक मिट्टी उठाने की कई शिकायतें आ चुकी हैं। गांव सिगरौर के खोदे गए तालाब की शिकायत तो सीएम पोर्टल पर की गई है। लगातार हो रही शिकायतों को देखते हुए गंगा एक्सप्रेस-वे की निर्माणदायी संस्था ने अब बिगड़े तालाबों का स्वरूप सुधारने के योजना बनाई है।
इसके तहत पहले तालाबों को समतल कराया जाएगा। फिर उनकी बाउंड्रीवॉल बनवाई जाएगी। वहां पक्की सीढि़यां भी बनवाई जाएंगीं। तालाब के आसपास पौधे लगाए जाएंगे। निर्माणदायी संस्था पूरी कोशिश करेगी कि तालाब अपने मूल स्वरूप से बेहतर स्थिति में लौट सकें। निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों के मुताबिक, अभी मिट्टी की खोदाई का काम चल रहा है। खोदाई रुकते ही तालाबों के सुंदरीकरण का काम शुरू कराया जाएगा। जल संचयन करना प्राथमिकता में रहेगा।
सुंदरीकरण से कब्जा मुक्त भी हो जाएंगे तालाब
गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए मिट्टी उठाने और उनकी मरम्मत कराने से एक और बड़ा फायदा होगा। जिन तालाबों पर अवैध कब्जे थे या हैं, वह कब्जा मुक्त हो जाएंगे। बताते हैं कि गंगा एक्सप्रेस-वे की सूची में शामिल करीब चार तालाब ऐसे हैं, जिन पर लोगों का कब्जा है। उन्हें पाटकर मकान तक बना लिए गए हैं। जिन लोगों का अवैध कब्जा है, उन्हें अधिकारियों की ओर से नोटिस दिया जाएगा। उन पर जुर्माना भी डाला जा सकता है। बाद में हर हालत में कब्जा मुक्त कराए जाएंगें।
बिसौली में बंजर भूमि में बनाया तालाब
बिसौली तहसील क्षेत्र में वजीरगंज के ग्राम निमठौली, महेरा, कादरनगर और गरुईया आदि ग्राम पंचायतों की काफी जमीन पड़ी थी। वहां भी गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए मिट्टी की खोदाई कराई गई थी। निर्माणदायी संस्था ने अब वहां तालाब बना दिया है।
गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जिन तालाबों से मिट्टी उठाई गई है, वह तालाबों के स्वास्थ्य के नजरिए से एकदम ठीक है। अब वहां जल संचयन किया जा सकेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे की निर्माणदायी संस्था की ओर से तालाबों की बाउंड्री बनवाई जाएगी। संस्था ही वहां पौधे और सीढि़यां भी बनवाएगी। इससे तालाबों की हालत और सुधरेगी।
– धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम दातागंज