Budaun News: निजी अस्पताल और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से डेढ़ लाख की चोरी

जोगीपुरा में दुकानों में हुई चोरी की घटना की छानबीन करती पुलिस। संवाद
बदायूं। शहर में मंगलवार रात चोरों ने एक निजी अस्पताल और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को निशाना बना लिया। चोर छत से होकर घुसे और दोनों जगह से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी हुई। पुलिस को तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुरा मोहल्ले में नानक इलेक्ट्रॉनिक्स और उसके बराबर में ही आरोग्य डेंटल केयर एवं मेडिको सेंटर है। दुकानदार रिंपी नानक के मुताबिक वह बुधवार सुबह करीब नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने शटर उठाने के बाद काउंटर चेक किया तो उसमें रखे 1.30 लाख रुपये गायब थे। छानबीन की तो पता चला कि छत से होकर चोर दुकान में घुसे और नकदी चोरी कर ले गए। इसके बाद चोर निजी अस्पताल में घुस गए और वहां से करीब 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए। कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना किया।
पड़ोस में डॉक्टर दंपती को बंधक बनाकर हुई लूट
मंगलवार रात चोरों ने जोगीपुरा मोहल्ले में जिस जगह इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान और निजी अस्पताल को निशाना बनाया, वहीं 16 अगस्त की शाम बदमाशों ने डॉक्टर दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पुलिस की रात में गश्त की व्यवस्था बेहद लचर है, इसलिए आए दिन वारदात हो रही हैं।