Budaun News: कुरखेड़ा में भूख-प्यास से दो गाय मरीं, ट्रैक्टर से घसीटकर फेंके शव

दातागंज तहसील के कुरखेड़ा की गोशाला में मृत पड़ी गाय। संवाद
दातागंज (बदायूं)। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुरखेड़ा की गोशाला में संरक्षित पशुओं की दुर्दशा सामने आई है। इस गोशाला में बृहस्पतिवार को दो गायों की भूख-प्यास से तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि एक गाय मरणासन्न है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिन से यहां गायों की मौत हो रही है। उनके शव गोशाला के पीछे घसीटकर डाल दिए गए हैं। बृहस्पतिवार को मरी दोनों गायों के शवों को भी ट्रैक्टर से घसीटकर नजदीक में फेंक दिया गया। इसकी सूचना पर डीएम ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
ग्राम पंचायत कुरखेड़ा की गोशाला में शुरुआत से ही लापरवाही बरती जा रही है। दो माह पहले डीएम मनोज कुमार ने स्वयं यहां का निरीक्षण किया था। तब अभिलेखों में गायों की संख्या ज्यादा पाई गई थी, लेकिन मौके पर गायों की संख्या बहुत कम मिली थी। इसके अलावा भूसे और चारे की व्यवस्था भी नहीं थी। इससे डीएम मनोज कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव राज नारायण को निलंबित कर दिया था और ग्राम प्रधान राजश्री के अधिकार सीज कर दिए गए थे। इसके बाद गोशाला की जिम्मेदारी ब्लॉक कर्मचारी समूह कोआर्डिनेटर आदित्य दीक्षित को सौंप दी गई। उसके बाद से गायों की हालत और ज्यादा खराब हो गई।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को यहां भूख-प्यास से तड़प-तड़पकर दो गायों की मौत हो गई, जबकि एक गाय मरणासन्न है। उसका उपचार तक नहीं कराया गया है। दोपहर के समय गोशाला के अंदर से दोनों गायों के शवों को ट्रैक्टर में बांधकर घसीटकर ले जाया जा रहा था। तभी कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। इससे चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया। लोगों की शिकायत पर एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कुछ लोगों को बुलाकर दोनों गायों के शवों को दफन करा दिया है। बृहस्पतिवार को गोशाला में मौके पर 120 गाय मिलीं, जबकि अभिलेखों में 252 गाय दर्ज हैं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एसडीएम को सौंपी है।
पिछले कई दिन से मर रहीं हैं गायें, पीछे खेत बनाया कब्रिस्तान
ग्राम पंचायत कुरखेड़ा में जहां पर यह गोशाला बनी है। वहां करीब एक हजार बीघा ग्राम पंचायत की जगह है। करीब छह सौ बीघा जमीन ऐसे ही खाली पड़ी है। कई लोगों ने उस पर कब्जा भी कर लिया है। बताया जा रहा है कि यहां पिछले कई दिन से गायों की मौत हो रही है। इसी सरकारी जगह में उनके शवों को फेंक दिया जाता है।
चार-पांच दिन पहले पकड़ी गईं कई गाय
इस गोशाला में चार-पांच दिन पहले गायों की संख्या बहुत कम हो गई है। यह देखकर आसपास इलाके में अभियान चलाकर करीब 50-60 गाय को पकड़कर यहां लाया गया। बावजूद इसके गायों की संख्या अभिलेखों के अनुसार नहीं पहुंची।
कुरखेड़ा गोशाला के कुछ फोटो और वीडियो हमारे पास भी आए हैं। इसकी सूचना पर एसडीएम दातागंज को भेजा है। मामले की जांच कराई जा रही है। इसमें जिसकी भी लापरवाही पाई जाएगी। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।- मनोज कुमार, डीएम
बनकोटा के मामले में प्रधान समेत कई दोषी, कार्रवाई तय
बदायूं। वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनकोटा में गायों की मौत के मामले में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, पशु चिकित्सक और केयर टेकर की लापरवाही सामने आई है। गायों की मौत की सूचना पर डीएम मनोज कुमार ने एसडीएम बिसौली और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा था। बताते हैं कि दोनों अधिकारियों ने मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की। इस छानबीन के दौरान ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, पशु चिकित्सक और केयर टेकर की भारी लापरवाही सामने आई। डीएम ने बताया कि दोनों अधिकारियों ने जांच कर उसकी रिपोर्ट दे दी है। इसमें सभी लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उनका जवाब आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। संवाद

दातागंज तहसील के कुरखेड़ा की गोशाला में मृत पड़ी गाय। संवाद

दातागंज तहसील के कुरखेड़ा की गोशाला में मृत पड़ी गाय। संवाद



