Budaun News: होमगार्ड को जान से मारने की दो लाख की दी सुपारी
तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी
– मोबाइल पर मिली धमकी में कहा-होमगार्ड की पत्नी की वजह से मेरा प्रत्याशी हारा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंवरगांव। नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव एक होमगार्ड की पत्नी ने भी लड़ा था। संबंधित होमगार्ड की पैरों तले जमीन उस समय खिसक गई जब एक व्यक्ति ने फोन कर उसे जान से मारने की धमकी दी। कहा कि उनकी हत्या की सुपारी दो लाख में दी गई है। होमगार्ड ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।
कस्बा निवासी होमगार्ड वीरेंद्र की पत्नी ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में होमगार्ड की पत्नी हार गई थी। शनिवार को होमगार्ड के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और कहा तुम्हारी पत्नी की वजह से हमारा प्रत्याशी हार गया अब मुझे तुम्हारी हत्या करने के लिए दो लाख रुपए की सुपारी दी गई है। धमकाने वाले व्यक्ति ने ये भी कहा कि यदि वह तुम्हारी (होमगार्ड) की हत्या नहीं करता है तो उसे चार लाख रुपए देने होंगे। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद से होमगार्ड परेशान है। होमगार्ड वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम बताया कि होमगार्ड की तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है किसके नंबर से कॉल की गई है, इस बात का पता लगाया जा रहा है। इसके बाद कार्यवाही की जाएगी।