बदायूं

Budaun News: घर जाकर ग्रामीणों के अंगूठे लगवाए, नहीं दिया राशन

Connect News 24

जांच में उजागर हुआ घपला, पूर्ति निरीक्षक ने दी तहरीर

संवाद न्यूज एजेंसी

सहसवान। राशन कोटेदार ने मशीन में ग्रामीणों के अंगूठे तो लगवा लिए, लेकिन अनाज नहीं दिया। शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक ने जांच की तो मामला सही पाया गया, साथ ही स्टाॅक में अनाज भी कम मिला। पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।

पूर्ति निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांव गंगापुर की ग्राम प्रधान के पति ने फोन पर सूचना दी कि गांव के राशन कोटेदार द्वारा ई-पॉस मशीन को कार्डधारकों के घर ले जाकर मशीन में अंगूठे लगवा लिए गए हैं परंतु अनाज नहीं दिया जा रहा है।

शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक ने शनिवार को गांव में जाकर ग्रामीणों से बात की और दुकान का स्टॉक भी जांचा। स्टाॅक में 15.62 क्विंटल अनाज कम मिला। कार्डधारकों के बयान दर्ज़ किए गए। 47 कार्डधारको ने बताया कि कोटेदार ने उनके घर मशीन ले जाकर अंगूठा लगवा लिया है, परंतु अनाज नहीं दिया। शिकायत की तो भगा दिया।

पूर्ति निरीक्षक ने राशन कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए उच्चाधिकारियों की अनुमति प्राप्त की। शनिवार को पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button