Budaun News: पारिवारिक कलह के बाद महिला ने फंदे से लटककर दे दी जान

मृतका राधा रानी का फाइल फोटो।
पारिवारिक कलह के बाद महिला ने फंदे से लटककर दे दी जान
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर जगमन में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव रायपुर जगमन में पारिवारिक कलह के चलते राधा रानी (32) ने फंदे से लटक कर जान दे दी। बताते हैं कि रविवार सुबह उसका सास से झगड़ा हुआ था। उसका पति और बच्चे घर से बाहर गए तो राधा ने फंदे से लटक कर जान दे दी। कुछ देर बाद पति घर लौटा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
ग्राम रायपुर जगमन निवासी रेशपाल नोएडा में एक कंपनी में सुपरवाइजर है। उसका कहना है कि वह दो दिन पहले ही नोएडा से घर आया था। उसकी मां की मानसिक हालत ठीक नहीं है। उसका बरेली के मानसिक चिकित्सालय से उपचार चल रहा है। वह आए दिन उसकी पत्नी राधा रानी से झगड़ा करती है।
उसके चार बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियां हैं। रविवार सुबह करीब छह बजे वह और उसके बच्चे शौच के लिए घर से गए। तभी उसकी मां और पत्नी के बीच विवाद हो गया। जब वह कुछ देर बाद घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी का शव फंदे से लटका देखा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार में चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के तमाम लोग आ गए। उनकी सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर संभल जिले में चंदौसी के नजदीक चितौरा गांव से पत्नी के परिवार वाले भी आ गए। उन्होंने किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है।
–
पति के साथ जाने की जिद पर पत्नी फंदे से लटकी
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गनगोला में रविवार सुबह सविता (21) पत्नी सोनू ने फंदे से लटक कर जान दे दी। बताया जा रहा है कि सोनू पानीपत में रहकर मजदूरी करता है। उसकी छह माह पहले ही सविता से शादी हुई थी। उसके बाद सोनू नौकरी करने पानीपत चला गया। कुछ दिन पहले सोनू घर आया था। तब सविता ने उसके साथ जाने की जिद की थी। ससुराल वालों के अनुसार के सोनू ने कहा कि वह कुछ दिन उसके माता-पिता के साथ रहे। बाद में वह पानीपत ले जाएगा। यह कहकर चार-पांच दिन पहले सोनू पानीपत चला गया। रविवार सुबह सोनू की मां गोबर लेने गई और उसका पिता भी खेत पर चला गया। इसी दौरान सविता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सविता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता के भाई फूलचंद ने तहरीर दी है। संवाद
–
संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
दबतोरी। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बीधा नगला में रविवार सुबह सचिन (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंची लेकिन परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। गांव में चर्चा है कि युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या की थी। परिवार वालों ने उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। संवाद

मृतका राधा रानी का फाइल फोटो।



