Budaun News: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, हत्या का आरोप

मृतका सर्वेश कुमारी का फाइल फोटो।
बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव पुठी सराय में 45 वर्षीय सर्वेश कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि सर्वेश कई दिनोंं से बीमार थीं, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कलौरा निवासी राहुल यादव ने बताया कि उनकी बुआ सर्वेश कुमारी की शादी 25 साल पहले पुठी सराय के जगपाल यादव के साथ हुई थी। उनसे कोई संतान न हुई तो जगपाल ने दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी गर्भवती है। जगपाल के मुताबिक सर्वेश को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उन्हें डॉक्टर से दवा भी दिलाई, लेकिन फायदा नहीं हुआ। रविवार रात हालत बिगड़ने पर वह सर्वेश को इलाज के लिए बरेली ले जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई।
सुबह सूचना मिलने पर मायके वाले पुठी सराय पहुंच गए। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और थाके में सूचना देकर पुलिस बुला ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध हालात में मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मायके वालों ने तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।


