Budaun News: रैली निकालकर बताए मोटे अनाज के फायदे
बदायूं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत मिलेट्स (मोटा अनाज) के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को रैली निकाली गई। इस दौरान लोगों को मोटे अनाज के फायदे गिनाए गए।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, डीएम मनोज कुमार, सीडीओ केशव कुमार, उप कृषि निदेशक मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बदायूं क्लब से शुरू होकर मंडी समिति पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान विधायक व डीएम ने कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों, एनसीसी व स्काउट के कैटेड्स एवं उपस्थित कृषकों से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप देश के हर व्यक्ति की थाली में मोटे अनाज से बना भोजन होना चाहिए।
डीएम ने बताया कि मोटे अनाज की फसलों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मिलेट्स के उत्पादन से किसान विभिन्न उत्पाद तैयार कर आय प्राप्त करेंगे एवं लोग श्रीअन्न के उपयोग से कुपोषण एवं अनेक गम्भीर बीमारियों से निजात पाएंगे। किसान मोटे अनाज का अधिक से अधिक उत्पादन करें।


