Budaun News: बुखार से महिला की मौत, डेंगू के 11 नए मरीज मिले

मृतका ममता। फाइल फोटो
बदायूं। शनिवार को बुखार से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजन मौत का कारण डेंगू बता रहे हैं। वहीं जिले भर में 11 नए डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 513 पहुंच गई है।
उसहैत क्षेत्र के गांव खेड़ाजलालपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह की पत्नी ममता (50) को करीब पंद्रह दिन पहले बुखार आया जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई। इस पर परिवार वालो ने बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया था। शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर, शनिवार स्वास्थ्य विभाग की 21 टीमों ने जिले भर में कैंप लगाकर बुखार के मरीजों की जांच की, जिसमें एक मलेरिया पीवी का मरीज सामने आए तो वहीं एलाइजा जांच में 11 मरीज डेंगू संक्रमित मिले।
संचारी रोग नियंत्रण में 53वां स्थान
– डेंगू का कहर रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। पिछले दस दिन में सौ डेंगू के नए मरीज मिलने के बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 513 हो गई है। वहीं संचारी रोग नियंत्रण के लिए चलाए गए अभियान में 16 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक शासन से आई रैंक में जिला पिछड़कर प्रदेश में 53 वें स्थान पर रहा है। डेंगू के बढ़ते मरीज स्वास्थ्य विभाग को सिर दर्द बने हुए हैं। भले ही स्वास्थ्य विभाग मरने वालों को डेंगू से मौत होना नहीं बता रहा है लेकिन अब तक इतनी मौत होने से स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की पोल खुलकर सामने आई है। इधर, मलेरिया विभाग द्वारा ब्लाॅक वजीरंगज के गांव बरीपुरा में फॉगिंग की गई एवं पाए गए लार्वा को नष्ट कराया गया।
लगातार विभाग की टीम गांव गांव कैंप लगाकर स्वास्थ्य चेकअप कर रही है। टीमों में शामिल डाॅक्टर आदि को सही जांच कर दवा देने के निर्देश दिए गए हैं। टीम लगातार जिले भर में अपना काम कर रही है। जिले में निकल रहे डेंगू मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। – डॉ. प्रदीप कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी

मृतका ममता। फाइल फोटो

मृतका ममता। फाइल फोटो


