Pilibhit News: आज आठ केंद्रों पर होगी राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा

ड्रमड राजकीय इंटर कॉलेज भवन । संवाद
-नियुक्त किए गए 98 कक्ष निरीक्षक, 3619 बच्चे देेंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शहर के आठ केंद्रों पर आज राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा कराई जाएगी। इसको लेकर विभागीय अफसरों ने तैयारियां पूरी कर ली है। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगा दी गई है। परीक्षा ठीक सुबह 10 बजे शुरू होगी जो दोपहर एक बजे तक चलेगी। दिव्यांग अभ्यार्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। यानी वह दो बजे तक परीक्षा दे सकते हैं।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में जनपद के 3619 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा के लिए 98 कक्ष निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिसमें 57 बेसिक और 41 माध्यमिक के कक्ष निरीक्षक हैं।
परीक्षा शहर के आठ केंद्रों पर होगी। इसमें अंगूरी देवी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चिंरौजीलाल वीरेंद्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, नत्थादेवी स्मारक इंटर कॉलेज रुपपुर कृपा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, वीरांगना आवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं।
यह परीक्षा हर साल कराई जाती है। जो यह परीक्षा पास कर लेता है उसको सरकार की ओर से छात्रवृति दिए जाने की व्यवस्था है।
राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। आठ केंद्रों पर 98 कक्ष निरीक्षकों की निगरानी में परीक्षा की जाएगी। इस परीक्षा में 3619 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।
-गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस

