Budaun News: करंट लगने से युवक की मौत
सिलहरी (बदायूं)। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सिरसाठेर में करंट लगने से 18 वर्षीय इंदर की मौत हो गई। इंदर पुत्र राकेश लोधे राजपूत अपने घर में परचून की दुकान चलाता था। बताते हैं कि अभी उसकी शादी नहीं हुई थी।
मंगलवार शाम इंदर दुकान पर बैठा था। एक ग्राहक को सामान देने के दौरान अचानक उसका हाथ बिजली के खुले तार को छू गया, जिससे उसको करंट लग गया। उसकी चीख सुनकर परिवार वाले और मोहल्ले के कई लोग आ गए। उन्होंने डंडा मारकर उसके हाथ से बिजली का तार छुड़ाया। तब तक उसकी हालत खराब हो चुकी थी। परिवार वाले उसे शहर के एक अस्पताल में भी ले गए, जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी है। उन्होंने बुधवार दोपहर युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद