सीएचसी बेहजम : एसीएमओ करेंगे वसूली मामले की जांच
लखीमपुर खीरी। सीएचसी बेहजम में प्रसव कराने आए तीमारदारों से अवैध वसूली किए जाने के मामले की जांच होगी। इसके लिए सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को नामित कर सात दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी अस्पतालों में एक रुपये पर बेहतर इलाज व जांच की सुविधा उपलब्ध है। मगर, स्टाफ की धनलोलुपता की वजह से तीमारदारों को प्रसव से लेकर ऑपरेशन कराने के लिए अच्छी खासी रकम खर्च करनी पड़ रही है। स्टाफ तीमारदारों से दो हजार रुपये तक की वसूली करता है। इस मामले के तीन वीडियो गत दिवस सोशल मीडिया पर वायरल हुए।
अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने पर सीएमओ ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है। सीएचसी में तीमारदारों से धन उगाही के वीडियो को लेकर सीएमओ ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को नामित किया है। सीएमओ ने सात दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
वायरल वीडियो प्रकरण की जांच एसीएमओ से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ