छठ महापर्व : उगते सूर्य को अर्घ्य देकर खोला व्रत

कछला घाट पर सूर्य को अर्ध्य देती सुहागिन महिलाएं। संवाद
बदायूं। भगवान सूर्य की उपासना के महापर्व छठ का सोमवार को समापन हो गया। सोमवार तड़के महिलाओं ने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत खोला। इसके बाद छठ मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई।
शुक्रवार को नहाय-खाय से छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी। दूसरे दिन खरना हुआ। इसके साथ ही महिलाओं का 36 घंटे का उपवास शुरू हो गया। तीसरे दिन रविवार शाम व्रती महिलाओं ने कछला गंगाघाट पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की उन्नति की कामना की। महिलाओं ने घर पहुंचकर व्रत खोला।
हालांकि यहां पूर्वांचल जैसी रौनक नहीं दिखी। पूर्वांचल के कुछ परिवार ही यहां रहते हैं। उनमें से भी अधिकांश रेलवे कॉलोनी में है, जो परिवार के साथ छठ पर्व मनाने के लिए अपने घर चले जाते हैं। यहां एक-दो परिवारों ने ही पर्व मनाया।