छठ पूजा : बरहा रेलवे क्रॉसिंग के पास घाट पर व्रतधारी महिलाओं की उमड़ी भीड़

शहर के बरहा रेलवे क्रांसिग के पास स्थित सरोवर पर छठ पूजा पर पूजा के दौरान सरोवर में खड़ी महिला
पीलीभीत। छठ पूजा पर्व रविवार को शहर में काफी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ महिलाओं ने छठ पूजा स्थलों पर विधि-विधान के साथ छठ मइया की पूजा-अर्चना की। पूजा स्थलों पर बने घाट के पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य दिया।
संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए छठ पर्व पर महिलाएं सूर्य देव की उपासना करती हैं। चार दिन तक मनाए जाने वाले इस पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय खाय के साथ हुई थी। शनिवार को खरना हुआ। इसके बाद 36 घंटे के लिए महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। रविवार को छठ पूजा के तीसरे दिन घरों में सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गईं।
छठ मइया के पूजन के लिए शाम को महिलाओं ने नए वस्त्र धारण किए और छठ पूजा स्थलों पर पहुंच गईं। छठव्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को गेहूं के आटे, गुड़ व शक्कर से बने ठेकुए और चावल से बने भुसबा के साथ ही गन्ना, नारियल, केला, हल्दी, सेब, फल-फूल आदि हाथों में लेकर शाम को पूरे विधि-विधान से छठमाता की आराधना की। घाट पर महिलाओं ने छठ मइया के लोकगीत गाकर विधि-विधान से पूजन किया।
छठ पूजा स्थलों पर बने घाट में भरे पानी के अंदर खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार की सुबह महिलाएं उगते सूर्य देव को अर्घ्य देने के उपरांत उपवास खोलेंगी। छठ पूजा की तैयारियों के चलते रविवार को बाजारों में पूजन सामग्री आदि की दुकानों पर भी भीड़ रही। छठ मइया का इस मौसम में चलने वाले फल, सब्जी, गन्ने आदि से पूजन किया जाता है। इस कारण बाजारों में सब्जी, फल, पूजन सामग्री, नारियल, गन्ना, सेब, केला, अमरुद, मूली, पान के पत्ते, सूखा मेवा, छाज, डलिया, ढक्कन आदि की लोगों ने जमकर खरीदारी की। इसके चलते बाजारों में पूरे दिन काफी चहल-पहल रही।
बिलसंडा। कस्बा के पक्का तालाब मंदिर के समीप गन्ने को लगाकर उसके समीप फल धूप-दीप आदि चीजों के साथ पूजा-अर्चना की। पूजन को लेकर तालाब को सजाया गया था। शाम को वहां पर काफी संख्या में लोग एकत्र हुए। भजन-कीर्तन के बीच महिलाओं ने पूजा की।
आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद महिलाएं तोड़ेंगी व्रत
सोमवार को तड़के भी उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उगते हुए सूरज को अर्घ्य देने के लिए छठव्रती तड़के ही घाट पहुंचेंगे। इसके चलते सोमवार को फिर छठ घाट में लोगों की भीड़ लगेगी। इस दौरान उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।
बीसलपुर चीनी मिल कॉलोनी में भी हुई छठ पूजा
बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल कॉलोनी के पूजा स्थल में कॉलोनी में रहने वाली बिहार की महिलाओं ने रविवार को छठ पूजा विधि विधान से की। पूजा चीनी मिल मंदिर के पुजारी अशोक शास्त्री ने कराई। महिलाओं ने पूजा स्थल पर पुष्प, फल चढ़ाए और मनौतियां मांगीं। पूजा करने वाली महिलाओं में माया देवी, नेहा सिंह, विद्या देवी, इंदु, पार्वती, सोनिया, रानी, संध्या आदि शामिल थीं। संवाद

शहर के बरहा रेलवे क्रांसिग के पास स्थित सरोवर पर छठ पूजा पर पूजा के दौरान सरोवर में खड़ी महिला

शहर के बरहा रेलवे क्रांसिग के पास स्थित सरोवर पर छठ पूजा पर पूजा के दौरान सरोवर में खड़ी महिला

शहर के बरहा रेलवे क्रांसिग के पास स्थित सरोवर पर छठ पूजा पर पूजा के दौरान सरोवर में खड़ी महिला

शहर के बरहा रेलवे क्रांसिग के पास स्थित सरोवर पर छठ पूजा पर पूजा के दौरान सरोवर में खड़ी महिला


