खतना मामला: डिप्टी सीएम ने दिए जांच के आदेश, 24 में मांगी रिपोर्ट; आरोपी डॉक्टर और स्टाफ के बयान दर्ज

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के डॉक्टर एम. खान अस्पताल में बच्चे का खतना करने के आरोप के मामले में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की है। यह भी निर्देश दिया है कि आरोप सही है तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अस्पताल को तत्काल सील किया जाए।
संजयनगर निवासी कारपेंटर हरिमोहन यादव अपने दो साल के बेटे के तोतलेपन का उपचार कराने पत्नी के साथ शुक्रवार को स्टेडियम रोड स्थित डॉ. एम खान हॉस्पिटल गए थे। वहां बताया गया कि तालू का मामूली ऑपरेशन होगा। ओटी में ले जाकर डॉक्टर व स्टाफ ने बच्चे का खतना कर दिया। हिंदू संगठनों ने पीड़ित परिवार के पक्ष में जाकर हंगामा किया था।
ये भी पढ़ें- Video: तोतलेपन का इलाज कराने लाए बच्चे का कर दिया खतना, बेटे की हालत देख परिजनों के उड़े होश
डॉक्टर ने सफाई दी थी कि एक बीमारी के निदान के लिए परिवार की सहमति के बाद ऐसा किया गया। यह मामला शनिवार को एक ट्वीट के जरिये उपमुख्यमंत्री तक पहुंचा। उन्होंने तत्काल इसका संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि मामले में आरोप सही पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।



