बरेली

डेंगू बेकाबू: 34 नए मरीज मिले, 99 संदिग्ध बुखार से पीड़ित

Connect News 24

बरेली। प्रभावी रोकथाम के दावों के बावजूद डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को डेंगू के रिकॉर्ड 34 नए मरीज मिलने के बाद आंकड़ा तीन सौ के पार जा पहुंचा है। एक दिन में इतने मरीज हाल में किसी दिन सामने नहीं आए। इसके साथ ही सबसे ज्यादा 99 संदिग्ध मरीज भी मिले हैं। संदिग्ध मरीजों के सैंपल एलाइजा जांच के लिए जिला अस्पताल लैब भेजे गए हैं। यही नहीं संचारी रोग नियंत्रण मुहिम के तहत गांवों में चल रही रोकथाम की कार्रवाई भी असरकारक साबित नहीं हो रही है और डेंगू का डंक सौ से बढ़कर 108 गांवों तक जा पहुंचा है।

बिगड़ी स्थिति काबू न कर पाने पर अब जिम्मेदार मच्छरजनित रोगों से निजात के लिए जनसहयोग न मिलने की दुहाई दे रहे हैं। इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस सेल के मुताबिक अबकी बार डेंगू का ट्रेंड बदल रहा है। पहले जहां एक ही स्थान पर डेंगू क्लस्टर इलाका बनता था, वह इस बार बिखर रहा है। गांवों में डेंगू क्लस्टर नहीं बन रहे। अलग-अलग गांवों में दो से चार मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में मरीज मिलने के बाद प्रभावी कार्रवाई में अड़चन आ रही है।

नष्ट कराए 126 कंटेनर में पनपते मिले लार्वा

घर-घर जांच करने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को 950 घरों का सर्वे किया। इनमें से 102 घरों के 126 कंटेनर्स में डेंगू के लार्वा पनपते मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। जिले में अब तक शहरी क्षेत्र में डेंगू के 166, ग्रामीण इलाकों में 155 मरीज मिले हैं। संदिग्ध केस की तादाद 574 जा पहुंची है।

पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए लगी रही कतार

बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी बुखार के मरीजों की लंबी कतार रही। संदिग्ध लक्षण के चलते मरीजों को डेंगू, मलेरिया, टायफाइड, वायरल इंफेक्शन संबंधी जांचों के लिए लिखा गया। इसके चलते पैथोलॉजी पर पर्चा बनवाने के लिए लोगों की कतार लगी रही। खून की जांच कराने के लिए लोग स्वास्थ्यकर्मियों से अनुरोध करते दिखे।

तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मरीज

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक डेंगू का पहला मरीज अगस्त में मिला था। करीब माह भर बाद 30 सितंबर को जिले में डेंगू के मरीजों की तादाद 160 थी, जो महज 12 दिन में दोगुनी 321 तक जा पहुंची है। हर दिन 15 से ज्यादा डेंगू मरीज मिल रहे थे। अब तादाद 20 के पार पहुंच रही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button