कांवड़ यात्रा में न आने पाए कोई बाधा : मंडलायुक्त

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर कोतवाली जलालाबाद में बैठक करतीं मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल,एड
शाहजहांपुर/जलालाबाद। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में जलालाबाद कोतवाली में बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली और कमेटी के सदस्यों से भी जानकारी हासिल की। उन्होंने कांवड़ यात्रा के रूट का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा ने मंडलायुक्त को बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग को पांच जोन और 17 सेक्टर में बांटते हुए संवेदनशील स्थलों पर दोनों पालियों में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों, प्रस्तावित शिविरों को चिह्नित कर लिया गया है।
कांवड़ यात्रा मार्ग में पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों और शिविरों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। कलक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से नियमित माॅनीटरिंग किए जाने की व्यवस्था की गई है। बताया कि जनपद के समस्त डीजे संचालकों से संपर्क करके कहा जा रहा है कि किसी प्रकार का भड़काऊ, अश्लील, सांप्रदायिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने न चलाए जाए।
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि मंदिरों और जलाशयों पर साफ-सफाई, बिजली, पानी आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। अधीक्षण अभियंता विद्युत को मार्ग में पड़ने वाले जर्जर विद्युत पोलों को ठीक कराने और ट्रांसफार्मरों को जाली से कवर्ड किए जाने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने कहा कि शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं कर लीं जाएं। कांवड़ यात्रा में कोई अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इस दौरान एडीजी पीसी मीणा, आईजी डाॅ. राकेश सिंह, सीडीओ श्याम बहादुर सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, एसपी ग्रामीण संजीव वाजपेयी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारी ढाईघाट नहीं पहुंचे, मेले में जनसुविधाओं का अभाव
मिर्जापुर। ढाईघाट में मंगलवार से कांवड़ मेला शुरू हो रहा है। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल के साथ अन्य अधिकारियों को भी मेले का निरीक्षण करना था, लेकिन वे नहीं पहुंच सके। जिला पंचायत के प्रबंधन में लगने वाले इस कांवड़ मेले में कांवड़ियों की सुविधाओं पर किसी की नजर नहीं रही। पहले दिन कांवड़ भरने पहुंचे कांवड़ियों को पीने के लिए पानी तक नसीब नहीं हुआ। कांवड़ियों ने संतों के स्थायी आश्रमों में लगे हैंडपंप पर पानी पीकर प्यास बुझाई। वहीं एसडीएम कलान दशरथ कुमार और नायब तहसीलदार पूनम मधुकर ने मेला स्थल पर मेला व्यवस्थापक जिला पंचायत से सभी वीआईपी व्यवस्थाएं कराईं, लेकिन अधिकारी मिर्जापुर होते हुए सीधे कलान तहसील के ग्राम पटना देवकली स्थित प्राचीन शिव मंदिर की व्यवस्था देखने पहुंच गए। संवाद