मरीजों को बाहर से न लिखें दवाएं : डीएम
रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी पहुंचकर दवा की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान भर्ती मरीजों का हाल जाना और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी पहुंचकर दवाओं की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि मरीजों को न तो अनावश्यक रूप से भटकना पड़े और न ही उन्हें वापस लौटना पड़े। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी डाॅक्टर बाहर से दवा न लिखें तथा चिकित्सालय से ही दवा मुहैया करायी जाए। इस दौरान उन्होंने रेडियोलोजिस्ट कक्ष, टीकाकरण, परिवार कल्याण काउन्सिलिंग, बाल रोग, आयुष्मान भारत आदि रूम, वार्डो का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि डाॅक्टर समय से पहुंचकर मरीजों का बेहतर इलाज करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।