Bareilly News: फूल और फुहार के बीच गूंजी कन्हैया की जय-जयकार
बरेली। जन्माष्टमी के अगले दिन शुक्रवार को पुराना शहर स्थित सीताराम मंदिर से दधिकांदो शोभायात्रा निकली तो बादल भी उल्लास से भर उठे। झमाझम बारिश के बीच कन्हैया के जयकारे गूंजते रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा का शोभायात्रा का स्वागत किया। कुछ जगह झूलते तार बाधक बने तो उनको हटाकर शोभायात्रा निकाली गई।
चंद्रनगर धार्मिक समिति की ओर से श्री कृष्ण जी महाराज की 134वीं दधिकांदो शोभायात्रा शांति व सद्भाव के वातावरण में निकाली गई। इसमें शामिल श्रद्धालुओं खासकर युवाओं व महिलाओं में अभूतपूर्व उत्साह था। गलियों में दोनों ओर अपार जन समूह रिमझिम बारिश के बीच नयनाभिराम झांकियों का आनंद ले रहे थे। बीच-बीच में जयकरों से आकाश गुंजायमान होता रहा। साथ ही तीन अखाड़े व ग्वाल-बाल की टोलियां अपने करतब दिखा रहे थे। जगह-जगह पर भगवान श्री कृष्ण की आरती उतारी गई और भोग लगाया गया।
इससे पहले कान्हा के अभिषेक के बाद शोभायात्रा का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, सभासद छंगामल मौर्य व पार्षद अजय रत्नाकर ने किया। शोभायात्रा के दुर्गा मंदिर से आगे बढ़ने पर सांसद संतोष गंगवार ने श्री कृष्ण का अभिषेक कर आरती उतारी और उनके रथ को हांका। शोभा यात्रा के मौर्य मंदिर पहुंचने पर महापौर उमेश गौतम, नगर निगम के उपसभापति सर्वेश रस्तोगी व विशाल मेहरोत्रा ने भगवान श्री कृष्ण की आरती की और सिंधु नगर के गेट तक रथ को हांका।
शोभायात्रा में सबसे आगे तीन अखाड़े एवं ग्वाल-बाल की टोलियां चल रही थीं। उसके बाद भगवान श्री कृष्ण का मुख्य सिंहासन, भजन मंडली, श्री गणेश भगवान, भोलेनाथ, शिव परिवार, खाटू श्याम, राम दरबार, बजरंगबली, राधा-कृष्ण एवं भारत माता की झांकियां शोभायात्रा को भव्यता प्रदान कर रही थीं।
समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। भगवान श्री कृष्ण के मुख्य सिंहासन की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष दिनेश दददा व श्याम मनोहर गुप्ता ने संभाल रखी थी। शोभायात्रा की पूरी जिम्मेदारी और नियंत्रण समिति के महामंत्री सोमपाल प्रजापति, शोभायात्रा संयोजक राजीव निर्भय, सुरेश दिवाकर, राजेश मौर्य बबलू, राहुल कुमार, राजीव गुप्ता उठाए हुए थे। पार्षद चंद्रपाल राठौर, रामेंद्र प्रसाद गुप्ता, उदय प्रकाश गुप्ता, सुशील गुप्ता, रामावतार वर्मा, महेश कठेरिया, रामबाबू गुप्ता, सर्वेश गुप्ता, डॉ. विनोद यजुर्वेदी, पन्नीलाल मौर्य, भूपेंद्र कनौजिया, नरेश चंद गुप्ता, विपिन गुप्ता, आशीष कुमार सक्सेना, मुकुल प्रजापति, राजकुमार गुप्ता, सुरेंद्र कठेरिया, शेर बहादुर गुप्ता, अमूल गुप्ता, विक्की मौर्य, संजय गुप्ता का सहयोग रहा।
दधिकांदो शोभायात्रा में एक दशक पूर्व विवाद हो गया था। इस बार यह शोभायात्रा सौहार्द की मिसाल बनी। कई जगह पर हिंदू-मुस्लिमों ने मिलकर स्वागत करते हुए फूल बरसाए।
पनवाड़िया में जिस स्थान पर 2012 में उपद्रव हुआ था, इस बार शोभायात्रा वहां पहुंची तो मुस्लिम समुदाय के लोगों और खास कर बरेली अमन कमेटी की ओर से अधिवक्ता अच्छन अंसारी, डॉ. कदीर अहमद, विष्णु अग्रवाल, डॉ. सलीम, हाशिम अंसारी ने शोभायात्रा का स्वागत किया गया और मिष्ठान वितरण किया। इसके अलावा रास्ते में मुस्लिम सभासदों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
बालजती चौराहे पर वरिष्ठ जनकल्याण समिति के कार्यालय पर सचिव अनिल सक्सेना के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजकुमार वैश्य, योगेश सक्सेना, प्रदीप सिंह, अमूल गुप्ता, कमल बेदी, अजय सक्सेना उपस्थित रहे। वाल्मीकि बस्ती में भाजपा के प्रांतीय नेता उमेश कठेरिया व महेश कठेरिया के नेतृत्व में शोभायात्रा का स्वागत किया गया। समिति के पदाधिकारियों को अंग वस्त्र पहनकर सम्मानित किया। नवादा शेखान में खिदमत कमेटी की ओर से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मोईन खान, शराफत मियां, परवेज आलम, अफरोज, इमरान हुसैन, मोहम्मद नदीम आदि उपस्थित रहे।



