यूपी: असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या करने वाले बदमाश का एनकाउंटर, दरोगा की पिस्टल छीनकर हिरासत से भागा था शाहबाज

पुलिस मुठभेड़ में मारा गया बदमाश
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बाजार के एक मकान में मंगलवार तड़के घुसे बदमाशों ने असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक गुप्ता (36) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। विरोध पर परिवार के छह लोगों को चाकू घोंपकर घायल कर दिया। मौके से पड़ोसियों ने एक बदमाश शाहबाज को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।
देर शाम न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाते वक्त दरोगा की पिस्टल छीनकर भागे शाहबाज को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आलोक गुप्ता शाहजहांपुर शहर के नजदीक सन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में कार्यरत थे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे।
आवाज सुनकर जागे आलोक को देखकर बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। चाकू के कई वार होने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। चीख सुनकर अन्य परिजन भी वहां आ गए। बदमाशों ने आलोक की पत्नी खुशबू गुप्ता उर्फ सोनम, छोटे भाई प्रशांत गुप्ता, उनकी पत्नी रुचि गुप्ता, पिता सुधीर गुप्ता और आलोक की बेटी अंबिका (6) व बेटे (4) को भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
शोरशराबा होने पर मोहल्ले के लोग जाग गए। भागने की कोशिश कर रहे बदमाश शाहबाज को मोहल्ले के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि बाकी साथी भाग गए।
पुलिस घायलों को सीएचसी और फिर बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल ले गई। वहां पहुंचने तक आलोक की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना पर कस्बे के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने दुकानें बंद कर हंगामा शुरू कर दिया।