टीम गठित कर प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदकों की कराएं जांच : वित्त मंत्री

विकास भवन सभागार में डूडा की ओर संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में मौजूद वित्त मंत्री व अधिका
शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में डूडा की ओर संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व स्वनिधि योजना की समीक्षा कर दिशा-निर्देश जारी किए।
नगर आयुक्त व परियोजना निदेशक संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान में डूडा कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7927 आवेदकों की डीपीआर सूडा मुख्यालय के आदेश पर भेजी जानी है। जिस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर आयुक्त/परियोजना निदेशक को सभी 7927 आवेदकों की राजस्व एवं नगर निगम की टीम से जांच कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं के लंबित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण को एक सप्ताह के अंदर वितरित करने के लिए सहायक जिला अग्रणी प्रबंधक को निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने हनुमत धाम के निकट रिवर फ्रंट, गांधी भवन प्रेक्षागृह के सामने अरबन प्लाजा तथा मोहल्ला ककरा में नवीन नगर निगम कार्यालय भवन के निकट कन्वेन्शन सेंटर की जानकारी दी। इस मौके पर एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, मुख्य अभियंना एसके अंबेडकर, परियोजना अधिकारी डूडा अतुल कुमार, सहायक जिला अग्रणी प्रबंधक वैभव पाल, जेई सुशील कुमार, सीएंडडीएस परियोजना प्रबंधक रघुवंश राम आदि मौजूद रहे।