हादसे में पांच की मौत: उजड़ गई भाग्यवती की दुनिया, बोली- बेटियों की शादी कैसे होगी; रघुवीर की दो पीढ़ियां खत्म

हादसे ने बेटा-बहू और दो नातियों को छीना
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी रघुवीर, उसकी पत्नी और दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत से गांव में मातमी सन्नाटा है। रघुवीर की दो पीढ़ियां हादसे में खत्म हो गईं। उनकी मौत की खबर के बाद से गांव का हर कोई व्यक्ति गमजदा है।
गाजियाबाद की प्रिटिंग प्रेस में काम करने वाला रघुवीर अपनी पत्नी ज्योति, बेटा कृष्णा (5), बेटा अभि (3), साली जूली (35) व जूली की चार साल की बेटी आराध्या के साथ शादी में शामिल होने गया था। शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे बाइक से लौटते समय सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गांव के पास दंपती, उसके बच्चों व साली जूली की मौत हो गई, जबकि आराध्या को मामूली चोटें आईं थीं।
रघुवीर का परिवार हादसे में खत्म होने की सूचना के बाद से सलेमपुर में मातमी सन्नाटा पसरा था। शुक्रवार शाम को शव गांव पहुंचे तो परिजन बिलख पड़े। सूरज डूबने से पहले दंपती का एक ही चिंता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। बच्चों को दफन किया गया।
पूरी रात परिवार के लोग सुबकते रहे। रघुवीर की मां भाग्यवती, पिता सत्यपाल, भाई सोनू व बहनों के रोते-रोते आंखों से आंसू सूख गए। गांव के मातमी सन्नाटे को उनका करुण क्रंदन तोड़ रहा था। रघुवीर के परिवार के सदस्य पूरी रात सोए नहीं, ना ही उन्होंने खाना खाया।