मातम में बदलीं खुशियां: चचेरी बहन की लगन चढ़ाकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दो घायल

सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में चचेरी बहन की लगन चढ़ाकर अपने बहनोई के साथ घर लौट रहे युवक की बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बरेली रेफर कर दिया गया।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पेंपल निवासी 25 वर्षीय अजय चौहान पुत्र रामवीर सिंह अपनी चचेरी बहन दीक्षा की लगन चढ़ाने बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव दिसौलीगंज गया था। सोमवार रात साढ़े 12 बजे अजय लगन समारोह में दावत खाने के बाद घर लौट रहा था। उसके साथ उसके बहनोई मिंटू निवासी गांव संजरपुर थाना उझानी और बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गुधनी निवासी टिंकू सिंह भी था।
सैदपुर-करेंगी रोड पर सैदपुर से निकलते ही किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतनी रफ्तार से हुआ कि अजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके बहनोई टिंकू और मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
पड़ोसी के घर में पूरी की गईं शादी की रस्में
मंगलवार को दीक्षा की बरात आनी थी। घर में शादी की रस्मों की तैयारी चल रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इसके बाद बरात के नाम पर महज पांच लोगों को बुलाया गया। गांव में ही पड़ोसी के घर में भांवरें डालने के बाद दीक्षा को विदा किया गया।