कब्बडी : कैंट और कलान की टीम अव्वल

जीआईसी खेल मैदान पर कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं बालिकाएं। संवाद
– खेल महोत्सव का आगाज, जिला ओलंपिक संघ की ओर से किया जा रहा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। जिला ओलंपिक संघ की ओर से खेल महोत्सव का आगाज सोमवार को खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर हुआ। पहले दिन बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में कैंट विजेता व कंपोजिट विद्यालय हथौड़ा उपविजेता रहा। बालक वर्ग की कबड्डी में कलान ने जीत हासिल की। जीएफ कॉलेज उपविजेता रहा।
रस्साकसी बालक वर्ग में जैतीपुर की टीम विजेता और राज इंटरनेशनल, बंडा की टीम उपविजेता रही। रस्साकसी बालिका वर्ग में कैंट क्लब विजेता एवं राज इंटनेशनल उप विजेता रहा। वेटलिफ्टिंग बालिका वर्ग में कौशल्या, निकिता वर्मा, नेहा वर्मा, खुशबू जोहरा, रोली वर्मा, बालक वर्ग में मोनू प्रजापति, सुनील कुमार, राज राजपूत, अखिलेश यादव, निशांत मिश्रा, विशाल वर्मा, तविश ने प्रथम स्थान पाया।
इससे पहले खेल महोत्सव की शुरुआत इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल व विशिष्ट अतिथि अपर नगर आयुक्त एसके सिंह ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की। आयोजन से पूर्व खेल मैदान से गुरुनानक पाठशाला, कचहरी होते रैली भी निकाली गई।
जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी ने बताया कि खेल महोत्सव का समापन चार नवंबर को होगा। इसके मुख्य अतिथि वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना होंगे। पांच दिवसीय खेल महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग विधाओं के खेल होंगे। इनके विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस मौके पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता, गंगाराम प्रेमी, रामप्रसाद, सचिन प्रेमी, प्रमोद पांडे, विपिन अग्निहोत्री, पुनीत मनीषी, अनीता पांडे, वैभव, संजीव, राजवीर, वसीम, सुरजीत, गुरमीत सिंह, अतुल कुमार, राम रहीसे, रिया, वंदना, श्रुति धीमान, निधि यादव आदि मौजूद रहे।
–
टेंट का पाइप लगने से घायल हुआ खिलाड़ी
सोमवार को पहले दिन की खेल प्रतियोगिता की शुरुआत से पहले ही एक खिलाड़ी के ऊपर टेंट का पाइप गिर गया। इससे उसके सिर पर चोट लग गई और खून निकलने लगा। जिला ओलंपिक संघ के सचिव नरेंद्र त्यागी ने उसे उपचार के लिए भिजवाया। साथ ही खिलाड़ियों को उनकी सुरक्षा के प्रति सजग किया।

जीआईसी खेल मैदान पर कबड्डी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं बालिकाएं। संवाद