नैक मूल्यांकन : चमका रहे विश्वविद्यालय, ए प्लस ग्रेड की उम्मीद
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 29 से 31 मई तक राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की टीम का दौरा प्रस्तावित है। इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। कहीं कोई कसर न रहे, इसके लिए सभी प्रशासनिक अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। सभी अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। रविवार और गंगा दशहरा पर भी विश्वविद्यालय खुला रहेगा।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अबकी बार ए प्लस ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य रखा है। दौरा के दौरान कहीं किसी तरह की कोई खामी न रहे, इसके लिए अधिकारियों और शिक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विश्वविद्यालय के परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पोताई, टूट-फूट की मरम्मत और प्रशासनिक भवन के पास ओपन जिम के उपकरणों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।
मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह के मुताबिक नैक की टीम का आखिरी दौरा साल 2016 में हुआ था। इसमें विश्वविद्यालय को बी ग्रेड मिला था। करीब सात साल के लंबे सफर में अब तक कई अहम बदलाव हुए हैं। कई नए पाठ्यक्रम शुरू हुए हैं। डायरेक्टोरेट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस, रोहिलखंड इंक्यूबेशन फाउंडेशन, स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज सुविधा, पांचाल संग्रहालय का डिजिटलीकरण, केंद्रीय लाइब्रेरी और आधुनिक उपकरणों से लैब लैस हैं।
सात मानकों पर तय होगा नैक मूल्यांकन
नैक मूल्यांकन के सात मानक हैं। इन्हीं आधार पर मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार होती है। इसमें विश्वविद्यालय का इंफ्रास्ट्रक्चर, टीचिंग-नॉन टीचिंग स्टाफ की तैनाती, लैब और लाइब्रेरी की उपयोगिता, विद्यार्थियों की क्षमता, ई-वेस्ट मैनेजमेंट, साफ सफाई, कचरा निस्तारण, विश्वविद्यालय मैनेजमेंट सिस्टम, एडमिशन, रिजल्ट और प्रवेश प्रक्रिया, रिसर्च प्रोजेक्ट, साइटेशंस, पीएचडी अवॉर्ड, यूजीसी ग्रांट, सिलेबस, प्लेसमेंट, स्टार्टअप, पेरेंंटस का फीडबैक, पेटेंट, कॉपीराइट, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड, सोशल मीडिया फॉलोवर्स, ऑनलाइन टीचिंग आदि शामिल हैं।
भेजी गई एसएसआर रिपोर्ट की भी जांच
डॉ. अमित के मुताबिक नैक मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय की ओर से पूर्व में सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) भेजी गई थी। रिपोर्ट में जो जानकारियां मूल्यांकन के लिए दी गई थीं, उनकी भी जांच टीम करेगी। बताया कि विश्वविद्यालय नौ संघटक कॉलेज, 27 राजकीय कॉलेज, 29 अनुदानित कॉलेज और 522 स्ववित्तपोशित कॉलेज का संचालन कर कर रहा है।
नई गतिविधियों का मिलेगा नैक में लाभ
विद्यार्थियों के लिए ट्रेनिंग एंड प्लेंसमेंट सेल, केंद्र सरकार के साल 2025 तक क्षय मुक्त भारत बनाने के लिए टीबी न्यूट्रिशनल मॉनीटरिंग सेल का गठन, चोटिल मरीजों के उपचार के लिए डिजिटल एक्सरे, इलाज की व्यवस्था, ऑनलाइन रिसर्च मैनेजमेंट सिसटम, पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर कॉलेज का कायाकल्प, दिशा इंटर कॉलेज का संचालन, स्पोटर्स कॉम्पलेक्स, फिजियोथेरेपी सेंटर, जिम, कई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड, डीआईआर, बहुभाषा अध्ययन केंद्र, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की पहल समेत अन्य कवायद मूल्यांकन में अच्छे अंक दिलाएंगी।



