NIA Raid: आंवला के पेंटर का कराची कनेक्शन, पाकिस्तान से व्हाट्सएप पर आया था ये मैसेज और वीडियो

एनआईए ने मारा छापा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के आंवला के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी युवक तौहीद का पाकिस्तान के शहर कराची से कनेक्शन सामने आया है। ”गजवा-ए-हिंद” कट्टरपंथी मॉड्यूल मामले में रविवार सुबह एनआईए लखनऊ मुख्यालय की टीम ने उसके घर पर छापा मारा। पांच घंटे पूछताछ के बाद टीम ने उसे छोड़ दिया।
पक्का कटरा ग्वालटोली वाली गली निवासी तौहीद पेशे से पेंटर है। रविवार सुबह 5:30 बजे लखनऊ एनआईए की टीम ने उसके घर दबिश दी। टीम ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी को सूचना देकर आंवला थाना पुलिस को भी बुला लिया। टीम के चार अधिकारियों ने पांच घंटे तक तौहीद से पूछताछ की और उसके घर की तलाशी ली।
टीम 10:30 बजे यहां से चली गई। प्रारंभिक पूछताछ के बाद तौहीद को छोड़ दिया गया। हालांकि टीम उसका मोबाइल फोन, मेमोरी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज साथ ले गई। बताया जा रहा है कि तौहीद एक बार दुबई भी गया था।
पांच साल से वह कराची के युवक के संपर्क में था। हाल ही में पाकिस्तानी युवक ने उसे व्हाट्सएप पर ईद की मुबारकबाद का मैसेज व वीडियो भी डाला था। सूत्र बताते हैं कि ”गजवा-ए-हिंद” कट्टरपंथी मॉड्यूल को लेकर जांच में जुटी एनआईए की टीम काफी समय से इंटरनेट पर तौहीद की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।


