Shahjahanpur: नगर पालिका की तीन सीटों पर भाजपा ने जातीय समीकरणों को बनाया आधार, इन्हें दिया टिकट

पुवायां से संजय गुप्ता, जलालाबाद से मनमोहन और तिलहर से निर्मला गुप्ता
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में नामांकन की आखिरी तारीख से ऐन पहले भाजपा ने नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। जिले की तीन नगर पालिका परिषदों में अनारक्षित पुवायां सीट से संजय गुप्ता को टिकट मिला है। संजय गुप्ता पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुधीर गुप्ता को हराकर चुनाव जीते थे।
वहीं पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित तिलहर सीट से कई दावेदारों को दरकिनार कर हुए निर्मला गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है। जलालाबाद अनारक्षित सीट से मनमोहन द्विवेदी को मैदान में उतारा है। टिकट फाइनल होते ही भाजपाइयों ने नामांकन की तैयारी तेज कर दी है। सोमवार को सभी प्रत्याशी नामांकन कराएंगे।
निवर्तमान चेयरमैन संजय पर जताया भरोसा
भाजपा ने नगर पालिका पुवायां अनारक्षित सीट से अध्यक्ष पद के लिए संजय गुप्ता को टिकट दिया है। बीकॉम, एलएलबी तक शिक्षित 55 वर्षीय संजय गुप्ता लगातार दो बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीत कर पिछले दस वर्ष से पुवायां के चेयरमैन हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में उन्होंने वर्तमान एमएलसी और तब भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े डॉ. सुधीर गुप्ता को पराजित किया था। इस बार भाजपा से टिकट पाने के लिए पुवायां में कई दावेदारों के बीच कड़ा मुकाबला था, इसमें संजय गुप्ता ने बाजी मार ली।



