Pilibhit News: दिन दहाड़े दो घरों से 80 हजार नकदी और जेवरात चोरी
पूरनपुर। घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव जमुनिया जगतपुर निवासी हरपेज सिंह, गुरजंट सिंह के घर से दिन में चोरों ने 80 हजार रुपये और जेवरात चोरी कर लिए। गुरजंट के भाई जितेंद्र के घर में घुसकर चोरी की कोशिश की लेकिन आहट होने पर चोर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
घटना मंगलवार दिन की है। गांव जमुनिया जगतपुर निवासी हरपेज सिंह ने बताया कि उसकी घाटमपुर में दुकान है। पत्नी रंजीत कौर भी घाटमपुर में सिलाई का काम करती है। बच्चे स्कूल गए थे। इस दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोर अलमारी में रखे 80 हजार रुपये, पांच सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने की झुमकी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी दंपती को दोपहर तीन बजे घर लौटने पर हुई। गांव निवासी गुरजंट सिंह की पत्नी किरनदीप कौर ने बताया कि हरपेज के घर चोरी के शोर पर वह भी मौके पर पहुंची। इस दौरान चोर तोला तोड़कर उसके घर में घुसे।
चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर तीन सोने की अंगूठी चोरी कर ली। इसके अलावा चोरों ने गुरजंट के भाई जितेंद्र सिंह के घर में घुसकर चोरी की कोशिश की, लेकिन आहट पर चोर भाग गए। घुंघचाई इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि सूचना पर पुलिस को भेजा गया था। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

