Pilibhit News: भाकियू कार्यकर्ताओं ने धान खरीद शुरू न होने पर जताई नाराजगी
पूरनपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति के किसान विश्राम गृह में एकत्र होकर भाकियू के संस्थापक बाबा महेंद्र सिंह टिकैत का ८८वां जन्मदिन मनाया।
इस दौरान हुई पंचायत में धान खरीद शुरू न होने पर रोष जताया गया। भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने कहा कि मंडी समिति में अब तक धान खरीद शुरू नहीं हुई है। शीघ्र खरीद शुरू न होने पर भाकियू आंदोलन करेगी। लाल मिश्रा ने कहा कि राइस मिलर्स औने पौने दामों में धान की खरीद कर रहे है। अधिकांश राइस मिलों के धर्मकांटों पर घटतौली की जा रही है। किसान के धान बिक्री पंजीकरण के कागज लेकर खरीद की जा रही है। रमेश मिश्रा, सत्यपाल वर्मा, घासीराम, कमला मिश्रा, रंजीत सिंह, जयप्रकाश, घुरई लाल, श्रीपाल, सुमन देवी, नन्हीं देवी, राखी देवी आदि थे।
पूरनपुर के चार केंद्रों पर शुरू हुई खरीद
पूरनपुर। पूरनपुर क्षेत्र में धान की खरीद शुरू न होने पर भाकियू नेताओं की नाराजगी के बाद शुक्रवार को डिप्टी आरएमओ विजय कुमार शुक्ला ने मंडी समिति पहुंचकर धान खरीद शुरू करा दी। इस दौरान भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह ने किसानों से साफ-सुथरा धान लाने और खरीद केंद्रों पर ही धान की बिक्री करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि धान खरीद केंद्रों पर किसी तरह की कोई कटौती नहीं होगी। घोषित मूल्य किसानों के खातों में पहुंचेगा। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि शुक्रवार को पूरनपुर मंडी समिति के चार खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू करा दी गई है। किसानों से साफ-सुथरा और सूखा धान लाने की अपील की गई। संवाद