Pilibhit News: देवहा नदी के तेज बहाव से रपटा पुल क्षतिग्रस्त, वाहनों की आवाजाही बंद
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Thu, 17 Aug 2023 12:04 AM IST

खकरा नदी में जल स्तर कम हो जाने से रामपुर बौरख मार्ग पर बने रपटा पुल से ग्रामीणो का आवागमन शुरू
न्यूरिया। देवहा नदी पर बना रपटा पुल पानी के तेज बहाव से क्षतिग्रस्त हो गया है। एप्रोच रोड भी कट गई है। पानी कम होने पर पुल से पैदल और दोपहिया वाहनों का आवागमन तो शुरू हो गया है, लेकिन चार पहिया समेत भारी वाहनों का आवागमन बंद है।
चार दिन पहले देहवा और खकरा नदी के जलस्तर में भारी वृद्धि हुई थी। इससे न्यूरिया के पास कॉलोनी में मंदिर की सीढि़यां डूब गईं थीं। रामपुर बौरख मार्ग पर बने रपटा पुल के ऊप से पानी बहने लगा था। इससे पुल पर आवाजाही बंद हो गई थी। करीब चार दिन बाद जब पानी कम हुआ तो पैदल और दो पहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया, लेकिन पानी के तेज बहाव से पुल और एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो जाने से बड़े वाहनों का आवाजाही बंद है।
00
अमरिया के भंगा पुल पर शुरू नहीं हो सका यातायात
अमरिया क्षेत्र में गांव भंगा के पास पिछले सप्ताह पानी के तेज बहाव से भंगा पुल की एप्रोच रोड नदी में समा गई थी। लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से पुल से आवागमन बंद कर दिया। अब जब पानी कम होने लगा है तो ग्रामीणों को उम्मीद है कि मरम्मत का काम शुरू करा दिया जाएगा।

