Pilibhit News: क्रीम निकालकर बाजार में खपा दिया पनीर- मावा, त्योहार बाद आई रिपोर्ट
पीलीभीत। त्योहारी सीजन में दुकानदारों ने क्रीम निकालकर पनीर और मावा की जमकर बिक्री की। यही नहीं दूध में पानी मिलाकर भी लोगों को ठगा गया। उस दौरान लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट अब आने पर इसका खुलासा हुआ है। अब ऐसे लोगों को नोटिस जारी किया गया है। तय समय में जवाब दाखिल न होने पर न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।
त्योहारी सीजन में दुकानदार मिलावटी खाद्य पदार्थों की जमकर बिक्री करते हैं। इसकी रोकथाम के लिए खाद्य एवं और औषधी प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जाती है। सितंबर और अक्तूबर में विभाग की ओर से जिले में अभियान चलाते हुए दूध, पनीर, मावा और अन्य ड्राईफूड के नमनूे लिए गए थे। इनको जांच के लिए भेजा गया था। अब वहां से 24 की रिपोर्ट जारी की गई है। इसमें बीस खाद्य पदार्थ अधोमानक मिले हैं।
इसमें ओमप्रकाश पुत्र राम प्रकाश निवासी गांव टंडोला चंदोई के पास से लिया गया दूध का नमून फेल घोषित किया गया है। साथ ही राजकुमार के पास से मिश्रित दूध का नमूना भी अधोमानक मिला है। बीसलपुर के मोहल्ला वख्तावरलाल में श्याम गुप्ता के यहां से लिया गया मावा का नमूना भी अधोमानक मिला है। इसमें फैट की मात्रा कम थी। क्रीम निकालकर मावा तैयार किया गया था।
पूरनुपुर में शेरपुर रोड स्थित गाजी मिल्क डेयरी के यहां से लिया गया पनीर का नमूना भी जांच में फेल रहा है। पनीर क्रीम निकालकर बनाया गया था। फैट कम मिला है। असम हाईवे पर एक गाड़ी को रोककर काजू, बादाम और पेड़े का नमूना लिया गया था। यह गाड़ी शाहजहांपुर से बरेली जा रही थी। जांच में काजू और बादाम में प्रयोग हुए ऑयल का नाम दर्ज नहीं था। अभिहीत अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया जांच में अधोमानक मिले नमूनों को लेकर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। तीस दिन का समय दिया गया है। इसके बाद एडीएम के न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।

