Pilibhit News: खाते में थे करोड़ों पर पुलों का निर्माण शुरू नहीं हुआ
जिले में पांच सेतु बनाने के लिए मिली थी मंजूरी पर अभियंता काम शुरू नहीं करा पाए
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पांच स्थानों पर लघु सेतु बनाए जाने के लिए 11 करोड़ की भारी-भरकम राशि लोक निर्माण विभाग के खाते में पड़ी रह गई, पर काम शुरू नहीं हो सका। जबकि इनका वर्षों से इंतजार था।
विभिन्न स्थानों पर लोगों की दिक्कत को हुए पांच लघु सेतु बनाए जाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, शासन से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद करीब 11 करोड़ की भारी-भरकम राशि भी जारी कर दी गई पर लोक निर्माण विभाग के अभियंता निर्माण के लिए प्रक्रिया ही पूरी नहीं कर सके।
अब जबकि वित्तीय वर्ष बीत गया, अफसर कह रहे हैं कि वित्तीय वर्ष के अंत में मंजूरी मिली थी, इसलिए काम नहीं हो सके। उनका कहना है कि आचार संहिता के चलते अब निकाय चुनाव के बाद ही काम शुरू हो पाएगा।
यह होना था निर्माण
यहां बता दे जो मंजूरी मिली थी उनमें 3.73 करोड़ रुपयों से कबीरगंज-हजारा मार्ग से राम जानकी मंदिर होते हुए आजाद नगर सुतिया नाले पर लघु सेतु, 2.10 करोड़ से शास्त्री नगर टिब्बा सुतिया नाले पर लघु सेतु, 2.16 करोड़ से गोमती उद्गम स्थल पर लघु सेत, 1.36 करोड़ से माधोटांडा-कलीनगर-शाहगढ़ असम मार्ग के अंतर्गत कल्यानपुर बसंतापुर पर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग तो 1.66 करोड़ से गजरौला थाने से शिवनगर मार्ग पर माला नदी पर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग पर लघु सेतु का निर्माण होना था।
-उदित नारायन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग

