Pilibhit News: खाद की तस्करी की शिकायत पर उपनिदेशक कृषि का छापा

छापेमारी के दौरान जानकारी करते कृषि उपनिदेशक। स्रोत – ग्रामीण
यूरिया के 11 और डीएपी के दो कट्टे मिले, पूछताछ के बाद छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में खाद की तस्करी की बढ़ती शिकायत के बाद रविवार को उपनिदेशक कृषि संतोष श्वेता ने सीओ पूरनपुर के साथ नौजल्हा क्षेत्र में कई स्थानों पर छापा मारा। नौजल्हा नंबर दो स्थित एक घर से यूरिया के 11 कट्टों के अलावा डीएपी और गेहूं मिली। संतोषजनक जवाब मिलने पर ग्रामीण को छोड़ दिया गया।
माधोटांडा क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर खाद, कॉस्मेटिक, इलेक्ट्रॉनिक सामान की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। कई बार एसएसबी ने सामान पकड़कर कस्टम के सुपुर्द भी किया है। इधर खाद की तस्करी को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को उपनिदेशक कृषि ने सीओ पूरनपुर के साथ नौजल्हा क्षेत्र में छापे मारे।
एक ग्रामीण के घर पर पहुंचने पर टीम को यूरिया के 11 कट्टों के अलावा डीएपी के दो कट्टे और गेहूं के तीन बोरे मिले। मामले में टीम ने ग्रामीण से पूछताछ की तो उसने खुद के कृषि कार्य में प्रयोग करने की बात कही। हालांकि ग्रामीण खरीद-फरोख्त के कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस पर टीम ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।
चर्चा है कि उक्त ग्रामीण की गांव में ही कीटनाशक की दुकान है। तस्करी के मामले में भी कई बार उसका नाम आ चुका है। उपनिदेशक कृषि संतोष श्वेता का कहना है की टीम के साथ छापे मारे थे। एक घर में खाद के कुछ कट्टे मिले लेकिन संतोषजनक जवाब मिलने पर ग्रामीण को छोड़ दिया गया।