Pilibhit News: ट्रांसफार्मर खराब होने से दो घंटे बाधित रही बिजली
पीलीभीत। शहर की बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। कभी अघोषित कटौती के चलते उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पाती है तो कभी ट्रांसफार्मरों में खराबी आने से बिजली गुल हो जाती है। शुक्रवार को आवास विकास कॉलोनी में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से दो घंटे बिजली गुल रही।
शहर में रोजाना चार से पांच घंटे तक कटौती की जा रही है। बृहस्पतिवार को भी शहर के कई इलाकों में दो से पांच घंटे तक बिजली बाधित रही। शुक्रवार को आवास विकास कॉलोनी में ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से लगभग दो घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली के साथ ही वहां पानी का संकट भी गहरा गया। दो घंटे के बाद बिजली तो मिल गई, मगर आवाजाही परेशान करती रही।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला बागगुलशेर खां, पंजाबियान, एकतानगर, अशोक कॉलोनी, निरंजन कुंज, अवध नगर, सुरभि कॉलोनी, राजीव कॉलोनी, बल्लभ नगर, मौर्य मार्केट, स्टेशन रोड, अग्रवाल सभा के पास, बाजार व लकड़ी मंडी समेत आधे से ज्यादा शहर में बिजली की कटौती से लोग परेशान होते रहे।

