Pilibhit News: उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने रखीं समस्याएं, मिला आश्वासन

गांधी सभागार में जिला स्तरीय उघोग बन्धु की बैठक लेते एडीएम रामसिह गौतम । स्रोत – सूचना विभाग
पीलीभीत। जिला उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने कई समस्याएं गिनाते हुए अधिकारियों से इसके समाधान कराने की बात कही। अधिकारियों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
अपर जिलाधिकारी रामसिंह गौतम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं वाणिज्य बंधु की समिति की समीक्षा बैठक गांधी सभागार में हुई। बैठक के दौरान अर्पित अग्रवाल ने बताया कि फर्नीचर उद्योग के लिए नगर पालिका से भूमि किराए पर ली गई है। इसमें लगे ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने की बात कही गई। एलआर एग्रो प्रोडक्ट्स ने राइस मिल स्थापित करने के लिए चयनित भूमि का निस्तारण करने की मांग की।
बैठक के दौरान डेंटन पाॅवर प्राइवेट लिमिटेड ने बीसलपुर क्षेत्र में सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए अधिग्रहित भूमि को लेकर म्यूटेशन से संबंधित प्रस्ताव विभाग स्तर पर लंबित होने की बात कही। उपायुक्त उद्योग ने कहा कि इसे एसडीएम बीसलपुर को अग्रसारित किया जा चुका है। इसके अलावा बैठक में व्यापारी संदीप सक्सेना ने शारदा अस्पताल से लेकर असम चौराहे तक सुलभ शौचालय न होने की समस्या रखी। सुमित सक्सेना ने मंडी गेट पर प्रकाश पथ व्यवस्था ठीक कराने की बात कही। बैठक में एडीएम रामसिंह गौतम, एएसपी अनिल कुमार, उद्योग उपायुक्त आत्मदेव शर्मा के अलावा कई व्यापारी व अधिकारी शामिल थे।