Shahjahanpur News: शाहजहांपुर से गुजरने वाली तीन ट्रेनें निरस्त
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 24 Nov 2023 12:44 AM IST
शाहजहांपुर। लखनऊ-आलमनगर रेल खंड पर सुरक्षा प्लेट की लाॅन्चिंग के संबंध में यातायात और पावर ब्लॉक के कारण शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली तीन ट्रेनों को निरस्त कर दिया। इनमें बालामऊ-लखनऊ स्पेशल, लखनऊ शाहजहांपुर स्पेशल तथा शाहजहांपुर लखनऊ स्पेशल शामिल हैं।
सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि 04356 बालामऊ-लखनऊ स्पेशल और 04319 लखनऊ-शाहजहांपुर स्पेशल बृहस्पतिवार को निरस्त रहीं जिसकी वजह से इन ट्रेनों नियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने गंतव्य तक जाने के लिए दूसरे साधनों का प्रयोग किया। शुक्रवार और शनिवार को 04319 लखनऊ-शाहजहांपुर स्पेशल तथा 04320 शाहजहांपुर-लखनऊ स्पेशल निरस्त रहेगी। जबकि 22453 लखनऊ जंक्शन-मेरठ सिटी राज्यरानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 60 मिनट, 15904 चंड़ीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 120 मिनट तथा 22453 लखनऊ जंक्शन-मेरठ राज्यरानी एक्सप्रेस 40 मिनट की देरी से चलेगी। इनके अलावा कुछ ट्रेनों का विनियमन और मार्ग परिवर्तन भी किया गया जिसकी वजह से यह ट्रेनें अपने निर्धारित समय के बाद ही आ सकेंगी। इनमें गंगा सतलज एक्सप्रेस, अमृतसर-हावड़ा मेल आदि ट्रेनें शामिल हैं।
27 और 28 को चलेगी पर्व विशेष ट्रेनें
रेलवे ने वाराणसी जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल के लिए 04315/16 पर्व विशेष ट्रेन को चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 27 नवंबर को वाराणसी जंक्शन से शाम चार बजे चलेगी और रात 01:38 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आएगी। जबकि वापसी में यह ट्रेन रात 10:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल से चलकर शाम 5:23 बजे शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर आएगी। इसके साथ ही 04217/18 वाराणसी जंक्शन-श्री माता वैष्णों देवी कटरा के लिए पर्व विशेष ट्रेन 24 व 27 नवंबर को चलेगी। 24 नवंबर को 04217 ट्रेन वाराणसी जंक्शन से शाम 4 बजे चलेगी। रात 1:38 बजे शाहजहांपुर स्टेशन पर आने का समय रहेगा। जबकि वापसी में 04218 ट्रेन रात 11:20 बजे श्री वैष्णो देवी कटरा से चलकर दोपहर 3:58 बजे शाहजहांपुर स्टेशन आएगी।